जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद गुरुवार को चली शीतलहर ने शहर को ठिठुरा दिया। दिनभर सर्द हवा के झौंके चलते रहे, जिससे चटख धूप में भी धूजणी का अहसास बना रहा। सर्द हवा के चलते जोधपुर में रात का पारा 10 डिग्री पर आ गया। करीब एक पखवाड़े बाद न्यूनतम तापमान दस डिग्री पर पहुंचा। इससे लोगों को एक बार फिर से सर्दी से बचाव के लिए अतिरिक्त जाप्ता करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक दो दिन में मौसम साफ व शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान है।
सूर्यनगरी में बीती रात से ही तेज हवा शुरू हो गई, जिससे जाड़ा तेज हो गया। सुबह आसमां एकदम साफ था, जिससे शीघ्र ही धूप खिल गई लेकिन तीन से चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही शीतलहर ने शहरवासियों की धूजणी छुड़ा दी। ठंडी हवा शरीर को बेध रही थी। हवा के झौंकों से लोग सिहर उठे। कुछ देर में धूज तेज हो गई। सर्दी से बचाव के लिए शहरवासियों ने धूप को सेवन किया लेकिन रुक रुककर चल रही ठंडी हवा ने धूप में भी लोगों में जाड़े का अहसास बनाए रखा। अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री पर पहुंचा। ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/X8vTmn6
0 comments:
Post a Comment