जोधपुर. दिनभर उमस से पसीना-पसीना हो रहे शहर को बुधवार शाम को अच्छी बरसात से कुछ राहत मिली। मंडोर से लेकर महामंदिर, पावटा, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, प्रताप नगर सहित कई हिस्सों में करीब घंटेभर तक झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश से सड़कों पर आधा से एक फीट तक पानी भर गया। कुछ सड़कों पर पानी का रैला चलने लगा। सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष में 62 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। एयरफोर्स स्थित मौसम विभाग कार्यालय के पास मामूली बरसात हुई। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी बरसात के समाचार है। बिलाड़ा में तीन, ओसियां में 16, आऊ में 34 और सेखला में 16 मिलीमीटर बारिश शाम तक रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उड़ीसा तट के पास परिसंचरण तंत्र बना होने से मानसून की सक्रियता बनी हुई है। अगले एक सप्ताह तक बरसात का मौसम बना रहेगा।
सूर्य नगरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.5 और अधिकतम 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में 80 फीसदी के आसपास नमी होने की वजह से दिनभर उमस बनी रही। भयंकर उमस ने लोगों को पसीने में भीगो दिया। दिन में बादल छाए रहे लेकिन बारिश का इंतजार कर रहे लोगों की मुराद शाम तक जाते-जाते पूरी हुई। शाम 4:45 बजे मंडोर से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो धीरे-धीरे शहर के अन्य हिस्सों तक पहुंचा।
सड़कों पर भरा पानी
तेज बारिश से शहर में कई सड़कें पानी से लबालब हो गई। मंडोर में खेतानाडी, महामंदिर, पावटा में मेड़ती गेट्र, प्रताप नगर बस स्टैंड, कमला नेहरू नगर सहित कई इलाकों में पानी भर गया। अपने दफ्तर और कार्यस्थलों से लौट रहे लोग शाम को ट्रैफिक जाम में फंस गए और देरी से घर पहुंचे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/N9Drfe5
0 comments:
Post a Comment