जोधपुर. कोरोना काल की स्थितियां सामान्य होने पर करीब 2 साल बाद बाजार गुलजार हुए और नवीनता, आरोग्य, शांति-समृद्धि से जुड़े पर्व धनतेरस के साथ ही पांच दिवसीय दीपोत्सव शुरू हुआ। धनतेरस के दिन मंगलवार को घरों में भग6वान धनवन्तरि के साथ महालक्ष्मी-कुबेर का पूजन कर समृद्धि व आरोग्य रूपी धन की कामना की गई। पांच दिवसीय प्रकाश के महापर्व के पहले दिन जोधपुर सहित समूचे मारवाड़ में त्योहारी रंगत नजर आई। आर्थिक एवं वाणिज्य विशेषज्ञों ने जोधपुर सहित समूचे मारवाड़ में 250 से 300 करोड़ के व्यवसाय का अनुमान लगाया है। पंच पर्व धनतेरस को प्रदोषकाल में सभी प्रमुख बाजार खरीदारों से अटे नजर आए। रंगीन रोशनी से जगमग बाजार में सुबह से ही शुरू हुआ खरीदारी का दौर देर रात तक जारी रहा। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में मंगलवार शाम धनवन्तरि पूजन के साथ यक्षराज कुबेर का पूजन किया गया। महिलाओं ने घरों के कंवळों व देहरी को दीपमालाओं से सुसज्जित कर भगवान धनवन्तरि से स्वास्थ्य आरोग्यरूपी धन की कामना की।
बाइक व इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का क्रेज
इस बार युवाओं में बाइक व इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के प्रति विशेष क्रेज दिखाई दिया। ऑटो इंडस्ट्री से जुड़े विवेक देवड़ा व मनन धूत ने बताया कि धनतेरस के केवल एक दिन में जिले में 5 से 6 हजार बाइक की बिक्री होगी। युवाओं में बाइक खरीदने का क्रेज देखा गया। इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं मोबाइल, टीवी, फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन आदि की खरीदारी में जबरदस्त क्रेज देखा गया। धनतेरस के अवसर पर ग्राहकों को दी जा रही डिस्काउंट स्कीम्स में लोग उत्साहित नजर आए व जमकर खरीदारी की। इसके अलावा, महिलाओं ने ज्वैलरी, बर्तन एवं गृहोपयोगी सामग्री की खरीदारी को प्राथमिकता दी। बच्चों में पटाखें खरीदने के प्रति क्रेज रहा। रेडिमेड कपड़ों व गृहपयोगी वस्तुओं की खरीदारी में भी ग्राहकों ने रूचि दिखाई।
रियल एस्टेट में भी दिखा जोश
धनतेरस के दिन रियल एस्टेट व प्रोपर्टी व्यवसाय में भी लोगों ने उत्साह दिखाया। रियल स्टेट सेक्टर में इंडिया बुल के जुड़े रोशन कच्छवाहा ने बताया कि धनतेरस के अवसर लोगों में अपने नए आशियाने को लेकर क्रेज दिखा व करोड़ों की बुकिंक कराई।
गुलजार नजर आए बाजार
ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट , ज्वैलरी व प्रोपर्टी खरीदने के प्रति लोगों में रूझान नजर आने से बाजार गुलजार नजर आए। ऑटोमोबाइल शोरूमों पर दुपहिया वाहनों-कारों की अग्रिम बुकिंग कराने वाले लोग शुभ मुहूर्त में वाहनों की डिलीवरी लेने के लिए पहुंचे।
प्रोडक्ट कुल बिक्री
टू व फोर व्हीलर्स ----45 से 60 करोड़
सभी तरह के इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स----40 से 50 करोड़
रियल स्टेट---- 60 से 80 करोड़
लाइफ स्टाइल ----20 से 40 करोड़
ज्वैलरी व चांदी के बर्तन, सिक्के----20 से 25 करोड़
स्टील पीतल के बर्तन---- 8 से 10 करोड़
गृहोपयोगी सामान----5 से 7 करोड़
पटाखे एवं फर्नीचर, मिष्ठान, किराणा----05 से 10 करोड
(आंकड़े व्यवसायियों एवं आर्थिक विशेषज्ञों के आधार पर)
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ZO6E4U
0 comments:
Post a Comment