फलोदी (जोधपुर). कापरड़ा में कुरजां की मौत के लिए बर्ड फ्लू रिपोर्ट की पुष्टि के बाद अब इंसानों में बर्ड फ्लू कहर ना बरपाए इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरु कर दी गई है।
बर्ड फ्लू से कुरजां की मौत होने की पुष्टि के बाद फलोदी के प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी हाई अलर्ट हो गए है और इस सम्बन्ध में शनिवार शाम को आपातकालीन बैठक की गई। बैठक में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए विभागीय जिम्मेदारों को एहतियात बरतने के साथ पक्षियों खासकर कुरजां के बीमारी व मौत पर नजर रखने के निर्देश देकर आपातकालीन स्थिति में मानव जीवन को बचाने के उपायों पर चर्चा की गई।
एडीएम हाकम खान की अध्यक्षता में बैठक में उपखण्ड अधिकारी डॉ. अर्चना व्यास, पशुचिकित्साधिकारी डॉ. भागीरथ सोनी, वन विभाग के एसीएफ केके व्यास, वन्यजीव प्रेमी सेवाराम माली के साथ पंचायतीराज विभाग से माणकचंद पालीवाल, नगरपालिका से राधेश्याम त्रिपाठी, दिल्ली से आए अंशुल गुप्ता, प्रेमप्रकाश राजपुरोहित, रविन्द्र जैन आदि उपस्थित रहे।
बैठक में नगरपालिका व पंचायत समिति को हाइपोक्लोराइट का छिड़काव करने की तैयारी रखने, कुरजां के रहवासी क्षेत्रों में साफ-सफाई रखने, घास कटवाने के लिए सफाई अभियान चलाने, इंसानों को पक्षियों के सीधे सम्पर्क में नहीं आने के निर्देश जारी किए।
बर्ड फ्लू से बचाव के लिए यह बरतें सावधानी
- चुग्गा डालते समय मास्क लगाएं।
- कुरजां के रहवासी ग्राम पंचायत में साफ-सफाई रखी जावे उगी झाडि़यां हटाई जाए।
- रेस्क्यू सेन्टर पर मेडिकल किट, मॉस्क, ग्लब्ज की व्यवस्था की जाए।
- पक्षियों से सीधे सम्पर्क में आने से बचने के लिए चुग्गा डालते समय व्यक्ति मॉस्क व ग्लब्ज का उपयोग करें।
- कहीं कोई कुरजा, कौवे, मोर मृत, बीमार या घायल दिखे तो प्रशासन को सूचना दी जाए।
- बिना पीपी किट पहने पक्षी के नजदीक ना जाएं और ना ही पक्षी को पकड़ा जाए।
- ग्राम पंचायत खीचन व अन्य ग्राम पंचायत जहां कुरजां रहवास करती है वहां चलाएं सफाई अभियान।
- वन विभाग की टीम पक्षी रहवासी क्षेत्रों की गश्त कर निगरानी रखकर रिपोर्ट भेजी जाए।
पक्षियों से सीधा सम्पर्क में न आएं
बर्ड फ्लू पक्षियों के साथ मानव जीवन के लिए खतरा ना बने इसके लिए एहतियात बरतने के लिए बैठक हुई। हर व्यक्ति को स्वयंसुरक्षित रखने के लिए पक्षियों से सीधा सम्पर्क में आने से बचना चाहिए। हालांकि फलोदी में अभी हालात सामान्य है, फिर भी सावधान रहने की जरुरत है।
- हाकम खान, एडीएम फलोदी
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kB8aip
0 comments:
Post a Comment