जोधपुर.
भीलवाड़ा पुलिस ने पहले भीलवाड़ा और फिर अजमेर में नाकाबंदी तोडऩे के बाद डोडा पोस्त भरी कार छोड़कर भागे तस्करों की गैंग के एक युवक को जोधपुर में मण्डोर रोड स्थित निजी अस्पताल से पकड़ लिया। भीलवाड़ा में भागने के दौरान छर्रे लगने पर इलाज करवाने के लिए अस्पताल पहुंचा था। पुलिस ने उसके तीन साथियों को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा में अजमेर हाइवे पर कानिया गांव के पास मादक पदार्थ से भरी कार में एक लाख रुपए के इनामी राजू फौजी के होने की सूचना पर नाकाबंदी की गई थी, लेकिन तस्कर साठ किमी तक पुलिस को चकमा देकर भाग गए थे। इस दौरान 32 राउण्ड फायरिंग भी की गई थी। पुलिस से बचने के लिए तस्कर डोडा पोस्त से भरी कार छोड़कर भाग गए थे। अजमेर जिले में भी पुलिस ने बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया था। कार में सवार चार जनों के खिलाफ भीलवाड़ा में दो व अजमेर में एक मामला दर्ज कराया गया था।
फायरिंग में छर्रे लगने से बिलाड़ा के समीप विष्णु की ढाणी निवासी रवि उर्फ रफ्तार घायल हो गया था। वह मुख्य आरोपी है। वह इलाज कराने के लिए मण्डोर रोड पर निजी अस्पताल पहुंचा था।
भीलवाड़ा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा का कहना है कि रवि उर्फ रफ्तार को पकड़ा गया है। चिकित्सक ने उसे फिट घोषित करने पर हिरासत में लिया गया।
अस्पताल में उसके तीन साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें भीलवाड़ा लेकर रवाना हो गई।
सीने के पास छर्रे लगे थे, साथी जोधपुर लाया
पुलिस का कहना है कि पुलिस नाकाबंदी से भागने के दौरान रवि उर्फ रफ्तार के गोली लगी थी। वह घायल हो गया था। भीलवाड़ा और अजमेर पुलिस पीछा कर रही थी। ऐसे में बिलाड़ा के समीप केरियों की ढाणी का एक युवक उसे लेने के लिए अजमेर की तरफ गया था। बीच रास्ते से वह उसे लेकर आया था और निजी अस्पताल में इलाज करा रहा था। उसकी मदद करने वाले को भी पुलिस भीलवाड़ा ले गई है।
कुछ दिन पहले ही जमानत पर छूटा था
पीपाड़ शहर थाना पुलिस ने कुछ माह पहले कुछ युवकों को गिरफ्तार किया था। इनमें विष्णु की ढाणी का युवक भी था। करीब एक माह पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3vU8UDH
0 comments:
Post a Comment