जोधपुर.
शहर में सक्रिय नकबजन गिरोह ने अलग-अलग क्षेत्रों में दिनदहाड़े एक मकान सहित तीन मकानों में सेंध लगाकर लाखों के आभूषण व हजारों रुपए चुरा लिए। वहीं, चाय के एक केबिन के ताले तोड़कर रुपए व कीमती सामान चुरा लिया गया।
पुलिस के अनुसार झंवर थानान्तर्गत बम्बोर दर्जियान निवासी रावलराम पुत्र भताराम सैन अपनी पत्नी के साथ २९ सितम्बर को अपने पिता से मिलने के लिए बम्बोर गांव चला गया था। पीछे मकान में कोई नहीं था। पत्नी ने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया था। दूसरे दिन पति-पत्नी घर लौटे तो मुख्य दरवाजे पर ताला टूटा हुआ था। अंदर सामान बिखरे पड़े थे। लकड़ी के बक्से में रखी सोने की कण्ठी, कानों के दो झुमके, चांदी की दो पायजेब, अंगूठियां व बिच्छियां गायब थी। जो चोर चुरा ले गए।
दूसरी तरफ, मूलत: छापला हाल मण्डोर थाना क्षेत्र में गोकुल नगर निवासी नगेन्द्रसिंह जोधा के मकान में चोरी हुई है। वह पांच-सात दिन पहले गांव गया था, जहां से वह लौटा तो सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने एलइडी टीवी, होम थिएटर, १५ हजार रुपए, कैमरा व डीवीआर चुरा लिया। इस मकान में गत जुलाई में भी चोरी हुई थी। सात जुलाई को चोरी का मामला दर्ज कराया गया था, लेकिन चोर अभी तक पकड़े नहीं गए हैं।
इस प्रकार, शास्त्रीनगर थानान्तर्गत मिल्कमैन कॉलोनी गली-३ निवासी कपड़ा दुकानदार नवरतन पुत्र सोहनलाल बोहरा के मकान से एक चोर कपड़ों से भरा कट्टा चुरा ले गया। पाल लिंक रोड पर राजीव गांधी कॉलोनी निवासी सहीराम पुत्र खींयाराम बिश्नोई का अमर नगर में चाय का केबिन है। गत ३० सितम्बर की रात चोरों ने केबिन का ताला तोड़कर पांच हजार रुपए, बीड़ी-सिगरेट व सुपारी-पान मसाला व जर्दे के अनेक पाउच चुरा लिए। देवनगर थाने में मामला दर्ज किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3A59JdB
0 comments:
Post a Comment