जोधपुर.
डांगियावास थानान्तर्गत 16 मील बस स्टैण्ड पर मोटरसाइकिल सवार दो युवक रोडवेज बस से एक बैग चुराकर चंपत हो गए। बैग में 3.5 लाख रुपए के आभूषण व कुछ रुपए रखे थे।
पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी मंजूदेवी पत्नी रविन्द्रदास वैष्णव दो बच्चों के साथ गत दिनों बिलाड़ा स्थित पीहर आई हुई थी। वह तीस सितम्बर को दिल्ली लौटने के लिए बिलाड़ा से जोधपुर में राइकाबाग स्थित बस स्टैण्ड आई। दोनों बच्चे व पिता भी साथ थे। शाम को बस रवाना हुई। जो 16 मील बस स्टैण्ड पहुंची, जहां पिता लघुशंका करने के लिए नीचे उतरे। इतने में एक युवक आया और पिता की सीट के पास रखा एक बैग चुराकर मोटरसाइकिल पर अपने साथी के साथ भाग गया। यह देख महिला चिल्लाई और वहां मौजूद लोगों की मदद से युवकों को पीछा भी किया, लेकिन युवकों का पता नहीं लग पाया। बस स्टैण्ड पर मिठाई की दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में युवक की हरकत कैद हो गई। इन फुटेज के साथ महिला डांगियावास थाने पहुंची और चोरी का मामला दर्ज कराया। बैग में 3.5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर व पांच हजार रुपए रखे थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3a11ioY
0 comments:
Post a Comment