जोधपुर। गांवों की सरकार बनाने के लिए कांग्रेस और भाजपा में सरगर्मियां शुरू हो चुकी हैं। जिला मुख्यालय पर दोनों पार्टियों की देहात संगठनों ने हुंकार भरी। पदाधिकारियों में जोश भरा। लेकिन जो फीडबैक मिला, उसमें अधिकांश का यही कहना है कि पैराशूट व बिकाऊ उम्मीदवार को कतई न उतारा जाए। जातिगत समीकरण और बड़े नेताओं के खास को वरीयता नहीं देने की मांग भी उठी।
भाजपा: हाजरी ली, रायशुमारी की तो कार्यकर्ताओं ने दिए सुझाव
जोधपुर. भाजपा जोधपुर देहात उत्तर व दक्षिण जिले की बैठक पावटा स्थित एक गार्डन में हुई। प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने पहले पदाधिकारियों की हाजरी ली और फिर कार्यकर्ताआें से जीताऊ उम्मीदवारों को टिकट देने पर सुझाव लिए। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि उम्मीदवार स्थानीय हो और दलबदलू न हो। पुराने कार्यकर्ता को वरीयता मिले, यह नहीं कि दूसरी पार्टी से आए हुए को टिकट दे दिया जाए। इससे पहले देहात दक्षिण जिलाध्यक्ष जगराम बिश्नोई ने स्वागत भाषण दिया। पंचायतीराज चुनाव जोधपुर प्रभारी व विधायक अजमेर वासुदेव देवनानी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्रीवादी कार्यकर्ता है। कांग्रेस के कुशासन को जनता के बीच जाकर गिनाना होगा।
चुनाव सह प्रभारी माधोराम चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की वादा खिलाफ़ी से जनता त्रस्त है और इसका फायदा चुनावों में हमें मिलेगा। बैठक को प्रदेश मंत्री के.के बिश्नोई, जिला संगठन प्रभारी महेंद्र बोहरा, देहात दक्षिण जिलाध्यक्ष जगराम बिश्नोई और उत्तर जिलाध्यक्ष मनोहर पालीवाल के साथ फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने भी संबोधित किया। पूर्व मंत्री गजेन्द्रसिंह खींवसर, पूर्व विधायक बाबूसिंह राठौड़, जोगाराम पटेल, भैराराम सियोल, अर्जुनलाल गर्ग, कमसा मेघवाल, शम्भूसिंह खेतासर, राष्ट्रीय मंत्री किसान मोर्चा शैलाराम सारण, घनश्याम डागा व अन्य मौजूद रहे।
अंतिम दो दिन आवेदन पर जोर रहेगा
भाजपा ने प्रत्येक पंचायत समितिवार कमेटी बनाई है जो आगामी दो दिन में सर्वे कर जीताऊ प्रत्याशियों की सूची तैयार करेगी। इसके बाद यह प्रदेश मुख्यालय से स्वीकृत होंगे। आवेदन ११ तारीख से शुरू होंगे, लेकिन शुरुआती दो-तीन दिन में ज्यादा आवेदन होने के आसार नहीं।
कांग्रेस: 3 सौ से ज्यादा आवेदन मौजूद आलाकमान के पास पहुंचे
जोधपुर. कोई कायकर्ताओं को साथ लिए आलाकमान नेताओं के नाम लेकर जिंदाबाद... जिंदाबाद.़.. करते पहुंचा तो किसी ने बाहर खड़े होकर आते-जाते लोगों को हाथ-जोड़ा। पंचायतीराज चुनाव मैदान में उतरने की ख्वाहिश लिए ग्रामीण क्षेत्रों के कई कांगे्रस नेता डाली बाई मंदिर चौराहा के पास एक निजी रिसोर्ट में पहुंचे। बैठक में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के समक्ष ३ सौ से ज्यादा आवेदन आए।
आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने कहा कि गांवों की सरकार बहुत महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रदेश में सभी के आशीर्वाद से कांग्रेस की सरकार है। अब उन्हें उम्मीद है कि पूरे राजस्थान के अंदर फिर से कांग्रेस पार्टी का डंका बजेगा। प्रभारी मंत्री महेन्द्र चौधरी ने भाजपा का चुनाव में सूपड़ा साफ करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा के तीन काले बिल को भूलना नहीं चाहिए। सहप्रभारी व विधायक प्रशांत बैरवा ने कहा कि यहां कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। प्रत्याशी एेसा होगा, जो जीताऊ हो, बिकाऊ नहीं हो। संगठन प्रभारी व विधायक रामलाल जाट ने भी कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर जोश भरा। कार्यक्रम में निवर्तमान जिलाध्यक्ष हीराराम मेघवाल, राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनिवाल, लोहावट विधायक किसनाराम विश्नोई, लूणी विधायक महेन्द्रसिंह विश्नोई, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पीसीसी सचिव श्रवण पटेल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नेमाराम बेरा, सुनील चौधरी, रामनिवास बुधनगर मौजूद थे।
सोशल डिस्टेंस नजर नहीं आई
देहात कांग्रेस ने कोविडकाल के मद्देनजर एक निजी रिसोर्ट के हॉल में बैठक का आयोजन किया। लेकिन कांग्रेस नेता बड़ी संख्या में पहुंच गए। इस कारण सोशल डिस्टेंस बरकरार नहीं रह पाई। कइयों को सीट तक नहीं मिली। उन्हें बाहर खड़ा रहना पड़ा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2VBBqMp
0 comments:
Post a Comment