जोधपुर.
महामंदिर थानान्तर्गत मण्डोर कृषि मण्डी रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट से महिला व उसके मासूम पुत्र की मृत्यु हो गई। मृतका अपने मासूम पुत्र को लेकर मण्डी की तरफ जा रही थी, लेकिन बीच रास्ते में दोनों की जान चली गई।
थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि पहाडग़ंज प्रथम निवासी प्रियंका (35) पत्नी जितेन्द्रसिंह अपने इकलौते पुत्र शेरसिंह (3) के साथ सुबह साढ़े छह-सात बजे घर से निकलकर मण्डोर कृषि मण्डी की तरफ जा रही थी। वह पैदल ही थी और पुत्र गोद में था। मां-पुत्र कुछ दूर कृषि मण्डी रेलवे फाटक के पास पहुंचे और लाइन क्रॉस करने लगे। इतने में वो जोधपुर रेलवे स्टेशन की तरफ से आई ट्रेन की चपेट में आ गए। गंभीर चोट व शरीर क्षत-विक्षत हो गया। कुछ ही देर में दोनों की मृत्यु हो गई। चालक ने कुछ दूरी पर ट्रेन रोकी और पुलिस को सूचना दी। रेलवे ट्रैक से दोनों शव हटाकर ट्रेन में रखे और मण्डोर रेलवे स्टेशन पर रखवाए।
पुलिस घटनास्थल और फिर मण्डोर रेलवे स्टेशन पहुंची। मृतका के पास मिले दस्तावेज व मोबाइल से परिजन को सूचना दी गई। वे घटनास्थल आए और दोनों शव की शिनाख्त की। बाद में शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाए गए, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपे गए। मृतका के पिता गजेसिंह की तरफ से मर्ग दर्ज किया गया।
चार साल पहले शादी, इकलौते पुत्र संग मृत्यु
पुलिस का कहना है कि मृतका नागौर जिले में गोटन थानान्तर्गत हरसोलाव में भाटियों की ढाणी की रहने वाली थी। 4-5 साल पहले ही उसकी शादी जितेन्द्रसिंह से हुई थी। तीन साल पहले ही पुत्र शेरसिंह का जन्म हुआ था। मां-पुत्र की मृत्यु को लेकर मृतका के पिता या अन्य परिजन ने कोई संदेह व्यक्त नहीं किया। शादी को सात साल से कम होने के चलते एडीएम सिटी जांच करेंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3jKcqe6
0 comments:
Post a Comment