जोधपुर. श्रावण मास में तपिश और गर्मी से परेशान जोधपुर शहरवासी अब रूठे इन्द्रदेव को मनाने के लिए शिवालयों में रुद्राभिषेक कर भोलेनाथ से अमृत वर्षा की कामना कर रहे है तो दूसरी तरफ बरसात के लिए मेंढ़क व मेंढ़की का भी विवाह करवाया जा रहा है।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड 11 वें सेक्टर में स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर में महिलाओं ने मेंढक-मेंढकी का विवाह रचाया। थाल में मेंढक-मेंढकी के संकेतात्मक चित्र रखने के बाद बाकायदा बारात निकाली गई। बारात में क्षेत्रवासी भी शामिल हुए। पंडित पवन जोशी ने पाणिग्रहण संस्कार करवाया। विवाह के लिए बाकायदा बाराती और घराती की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम संयोजक उषा गर्ग व प्रेम मल्होत्रा ने बताया कि बारिश नहीं होने से हर शख्स परेशान है। मारवाड़ में ऐसे हालात में मेंढ़क-मेंढकी के विवाह टोटके से इंद्र देवता मेहरबान होने का विश्वास है।
शिवालयों में बारिश के लिए अभिषेक
चांदपोल पहाडी़ पर स्थित उपकेश्वर महादेव मन्दिर का पाटोत्सव बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। मंदिर संचालन समिति के संयोजक श्याममूर्ति बिस्सा ने बताया कि पंडित सोमदत्त अग्निहोत्री के सानिध्य में रुद्राभिषेक तथा पंचवक्र पूजन कर सुखद वर्षा की कामना की गई। मंदिर परिसर को दीयों की रोशनी व ऋतुपुष्पों से सजाया गया। पाटोत्सव कार्यक्रम में पुखराज बिस्सा, गणपत चौरडिया, परमेश्वर टाक, संजय थानवी, नीरज व्यास, जेपी हर्ष, दिनेश जोशी, एनके हर्ष, योगेशराज जोशी, दमयंती थानवी, सुशीला जोशी, ओमकुमारी, सुमन जोशी, वंदना जोशी आदि ने सहयोग किया।
रूप रजत टाउनशिप में स्थित रूपेश्वर महादेव में सुखद वर्षा के लिए अभिषेक के बाद ऋतुपुष्पों व सब्जियों का शृंगार कर महाआरती की गई। गणेशाय रोटी समिति की ओर से अच्छी बारिश, खुशहाली एवं सभी के सुखद स्वास्थ्य की कामना के लिए हाथीराम का ओडा स्थित दीनानाथ मंदिर में शिव ब्यावले का आयोजन किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kcVQ7g
0 comments:
Post a Comment