जोधपुर. स्वतंत्रता दिवस के चलते शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर में कई जगह कार्यक्रम हो रहे हैं। १५ अगस्त की तैयारियों में पूरा शहर जुट गया है।
राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अनूठा जज्बा
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को दिव्यांग नवल जोशी के नेतृत्व में भूतनाथ महादेव मंदिर से जबरनाथ गौशाला तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जन्म से ही अपने दोनों पैरों से चलने में पूर्णतया असमर्थ जोशी का तिरंगा यात्रा में राष्ट्रीय ध्वज लहराने के प्रति का अनूठा जज्बा नजर आया। तिरंगा यात्रा में युवा, बुजर्ग, महिलाएं और बच्चे भी देश भक्ति गीतों पर झूम उठे। तिरंगा यात्रा गौशाला पहुंचने के बाद सभी ने मिलकर गौवंश को लापसी का भोग लगाया । प्रवक्ता मनोज बोहरा ने बताया कि वर्ष 2006 में अटारी बोर्डर पर तिरंगा उत्सव देखकर जोशी ने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ घर पर ही तिरंगा उत्सव मनाना शुरू किया जो आज भी निरन्तर जारी है । मारवाड सोशियल मीडिया सहयोग संस्थान के बैनर तले तिरंगा उत्सव अब शहर के अलग अलग जगहों पर सामूहिक रूप से मनाया जाने लगा है। इसी कड़ी में रविवार को स्वतंत्रता दिवस को सुबह ८ बजे गंगाणा रोड स्थित अरिहन्त अदिता में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।
लक्की बाल निकेतन की ओर से ऑनलाइन प्रतियोगिता
लक्की बाल निकेतन सीसै विद्यालय कमला नेहरू नगर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मिडिल वर्ग (कक्षा 6 से 8) के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह से भागीदारी निभाई। प्री-प्राइमरी के बच्चों के लिए भी ऑनलाइन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने स्वतंत्रता सैनानियों की वेशभूषा में देशभक्ति कविताएं प्रस्तुत की। विद्यालय के चैयरमेन एसएन कच्छवाह ने प्रतियोगिता के विजेताओं के नामों की घोषणा की। प्राचार्य कुलदीप सिंह राठौड़ ने सभी विजेताओं को बधाई दी।
सावन महोत्सव में गूंजे देश भक्ति गीत
जोधपुर के ६७ साल पुराने महिलाओं के लेडीज क्लब की ओर से स्वतंत्रता दिवस व सावन महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। क्लब की अध्यक्ष रचना सिंघल ने बताया कि कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों के साथ सावन के गीत प्रस्तुत किए गए। सचिव डॉ खुशबू सिंघवी व आयोजक निर्मला सिंघवी ने बताया कि ध्वजारोहण रोटरी क्लब अध्यक्ष डॉ राम गोयल ने व संचालन मंजू सिंघवी ने किया। क्लब के वरिष्ठ सदस्य चन्द्रा मेहता, वीना सिंघवी, पुष्पा कुम्भट, मधु मेहता, सरोज गुप्ता, शारदा गुप्ता आदि उपस्थित थे।
गाइड लाइन पालना के साथ ध्वजारोहण
भारत सेवा संस्थान राजीव गांधी सेवा सदन परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर रविवार को सुबह 9.15 बजे संस्थान प्रांगण में ध्वजारोहण किया जाएगा। संस्थान के प्रभारी नरपत सिंह कच्छवाहा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से जारी कोविड -19 गाइडलाइन की पालना के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारी, ट्रस्टी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, जोधपुर शहर के गणमान्य नागरिक सहित संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
सिन्धु सेना की ओर से रक्तदान शिविर
सिन्धु सेना एवं सिन्धी वेलफेयर (आई.) सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में 15 अगस्त रविवार को 20 वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष संजय चन्दीरमानी ने बताया कि शिविर सुबह 9 बजे राष्ट्रगान के बाद शुरू किया जाएगा। शिविर संयोजक ललित पारवानी व राजकुमार माखिजा ने बताया कि सोजती गेट के अन्दर स्थित झूलेलाल मन्दिर में होने वाले शिविर के लिए रजिस्ट्रेशन एक सप्ताह पहले ही शुरू हो चुका है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3iLxbqE
0 comments:
Post a Comment