जोधपुर. सूर्यनगरी के विभिन्न क्षेत्रों में जैन चातुर्मास के लिए साध्वीवृंद एवं जैन साधु-संतों व मुनियों के मंगलप्रवेश का क्रम शुरू हो चुका है। जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ, स्थानकवासी एवं तेरापंथी जैन समाज के साधु-साध्वीवृंद की चातुर्मास आराधना 23 जुलाई से शुरू हो जाएगी। इस बार गाजों बाजों की जगह जैन साधु संत सादगीपूर्ण तरीके से कोविड गाइडलाइन की पालना के साथ चातुर्मास स्थल में मंगल प्रवेश कर रहे है। जैन साधु-साध्वियों में कोविड वैक्सीन की डोज लगने के बाद चातुर्मास की तैयारियों में बदलाव आने लगा है। कई चातुर्मास स्थलों पर पांडाल का निर्माण भी होने लगा है।
उपाश्रय स्थलों पर वैक्सीनेशन टीम की सुविधा
जोधपुर में चातुर्मास के लिए विराजित जैन साधु साध्वियों को कोविड संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष सेशन के माध्यम से उपाश्रय स्थलों पर वैक्सीनेशन टीम भेजकर टीकाकरण करने का महत्ती कार्य किया जा रहा है । जोधपुर में चातुर्मास के लिए जिले के आसपास के क्षेत्रों से भी साधु साध्वी वृन्द विहार कर जोधपुर पहुंच रहे हैं। नवीन व्यवस्था अनुसार जैन साधु साध्वियों के फोटो परिचय पत्र के बिना भी टीकाकरण किया जा रहा है ।
जैन साधु साध्वी हमारी अमूल्य निधि
जैन साधु साध्वी हमारी अमूल्य निधि है जिन्हें सुरक्षित रखना हमारा प्रथम दायित्व है। किसी भी पंथ व सम्प्रदाय के पदाधिकारियों की ओर से जैन साधु साध्वियों के टीकाकरण के लिए व्यक्तिश: सम्पर्क अथवा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से सपंर्क करने पर तुरन्त टीकाकरण सुविधा की कार्रवाई की जाएगी।
- उम्मेदराज जैन, अध्यक्ष, ऑल इंडिया जैन माइनोरिटी फेडरेशन जोधपुर शाखा
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/36z4OoE
0 comments:
Post a Comment