जोधपुर.
उदयमंदिर थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड पर एसबीआइ के एटीएम से अवैध तरीके से 1.80 लाख रुपए निकालकर गायब होने वाले तीन युवकों को अजमेर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी कार से जोधपुर आए और रेलवे स्टेशन रोड पर होटल में रूककर वारदात के बाद गायब हो गए थे।
थानाधिकारी राजेश यादव के अनुसार गत 18 जून को एसबीआइ के ई-कॉर्नर में लगी एडीडब्ल्यूएम मशीन से गलत तरीके से 1.80 लाख रुपए निकालने का मामला बैंक ने 22 जून को दर्ज कराया था।
इस मामले में अजमेर के क्लॉक टॉवर थाने में गिरफ्तार हुए तीन युवकों से वहां जाकर पूछताछ करने में इन्होंने निकालना कबूल किया। क्लॉक टॉवर थाना पुलिस ने तीनों को जेल भिजवाया तो उदयमंदिर थाना पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर हरियाणा नूह मेवात जिले के सुल्तानपुर निवासी सलीम खान पुत्र हकमुद्दीन, सेहबाज उर्फ शहबाज पुत्र आस मोहम्मद और पलवल में जलालपुर खालसा निवासी आबिद हुसैन पुत्र नसरूद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है।
फुटेज व होटल से मिले सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने ई-कॉर्नर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। हरियाणा नम्बर की कार में तीन युवक संदिग्ध नजर आए। दो युवक एटीएम में गए थे और चालक रैकी कर रहा था। आस-पास की होटलों में जांच कर तीनों युवकों के नाम पते हासिल किए गए। टोल नाकों के फुटेज खंगाले गए तो कार के 18 जून को जोधपुर में आने व 19 जून को पिपलाज टोल नाका से जयपुर की तरफ जाने का पता लगा। पुलिस ने राज्यभर में तलाश कराई तो तीनों युवक अजमेर के क्लॉक टॉवर थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों ने कई और जिलों में भी रुपए निकालने की जानकारी दी है। कार्रवाई में एसआइ सुखराम, एएसआइ भंवराराम, हेड कांस्टेबल श्यामलाल, स्वरूपचंद, कांस्टेबल रूपेश, रामप्रकाश, अमरसिंह व अभयसिंह शामिल थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3AOI1TK
0 comments:
Post a Comment