जोधपुर. संभाग के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार को साफ आसमान के साथ तेज हवाओं का मौसम रहा। जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर में सुबह-सुबह तेज हवाएं चली। दोपहर तक हवाओं की गति पर कुछ ब्रेक लगा। हवा चलने से उमस से कुछ राहत जरूर मिली। उधर दक्षिणी पश्चिमी मानसून शुक्रवार को गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्से तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार दो-तीन दिन शुष्क मौसम रहने के बाद जोधपुर संभाग में भी बादल बरसात का मौसम शुरू होगा। अगले सप्ताह के मध्य से बरसात होने की संभावना बन रही है।
सूर्य नगरी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में 65 फ़ीसदी से अधिक आद्र्रता होने के कारण उमस व्याप्त थी। सुबह-सुबह 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण तपिश का एहसास कुछ कम रहा लेकिन दिन चढऩे के साथ चिलचिलाती धूप निकलने से गर्मी बढ़ती गई। दोपहर में तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। दोपहर तक हवाओं की गति भी 6 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम बना रहा। फलौदी में न्यूनतम तापमान 29.6 और अधिकतम 42.8 डिग्री रहा।
बाड़मेर और जैसलमेर में भी उमस भरी तपिश रही। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 26.9 और अधिकतम 40 डिग्री मापा गया वही बाड़मेर में रात का पारा 28.3 और दिन का 41 डिग्री रहा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/35bXPRW
0 comments:
Post a Comment