जोधपुर.
अफीम के दूध को खुर्द-बुर्द करने के संदेह में दो युवकों की हत्या के एक आरोपी के भाई से कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस के 4.50 लाख रुपए वसूलने के आरोपों की जांच भी सहायक पुलिस आयुक्त को सौंप दी गई है। वहीं, एक निलम्बित कांस्टेबल को थाने की बैरिक से निकाल दिया गया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि जाटी भाण्डू निवासी भवानीसिंह चौधरी के परिवाद की भी जांच की जाएगी। तस्कर से सांठ-गांठ व लाखों रुपए वसूली की जांच कर रहे सहायक पुलिस आयुक्त (महिला अत्याचार रोकथाम सैल) लाबूराम को यह परिवाद भेजा गया है। जो दोनों मामलों की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
दोहरे हत्याकाण्ड में मुख्य आरोपियों में शामिल था
पुलिस का कहना है कि अफीम के दूध को खुर्द-बुर्द करने के संदेह में गत 10 नवम्बर की रात बोयल निवासी महेन्द्र जाट व डांगियावास निवासी भैराराम जाट की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जाटी भाण्डू निवासी अनिल जाट भी मुख्य आरोपियों में शामिल था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा।
मौखिक आदेश से जमे पुलिसकर्मियों को लाइन भेजा
उधर, लाइन हाजिर होने के बावजूद कुड़ी भगतासनी थाने में जमे पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को फिर से लाइन के लिए रवानगी दे दी गई। राजस्थान पत्रिका ने इस संबंध में समाचार प्रकाशित कर ध्यान आकर्षित किया था। जिसके चलते ऐसे पुलिसकर्मियों को लाइन में आमद कराने के आदेश दिए गए।
तीन दिन से बिना एसएचओ का थाना
वसूली के मामले में मॉनिटरिंग की लापरवाही मानकर थानाधिकारी जुल्फिकार अली को बुधवार को निलम्बित कर दिया गया था। निरीक्षक अमित सिहाग को कुड़ी भगतासनी थानाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने अभी तक ज्वॉइन नहीं की। तीन दिन से थाना बगैर एसएचओ के है।
एसीबी व एनसीबी से कार्रवाई की मांग
उधर, आइजी खण्डेलवाल ने अफीम के दो किलो दूध के साथ लाखों रुपए वसूलने के मामले में आइजी खण्डेलवाल ने एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक व भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को ई-मेल से शिकायत भेजकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। खण्डेलवाल का कहना है कि पुलिसकर्मियों को सिर्फ निलम्बित किया गया है। एनसीबी को इनके खिलाफ एफआइआर दर्ज करके कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच एसीबी करे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Sggbyh
0 comments:
Post a Comment