जयकुमार भाटी/जोधपुर. कहते हैं मुश्किल समय को या तो हंस के काट लो या फिर रोकर। रोकर अपना मूड खराब करने की बजाय खुशी से उस पल को एंजॉय करने की कोशिश करनी चाहिए। उसके लिए दिमाग का तंदरुस्त होना जरूरी है और वो तभी होगा जब मन खुश होगा। लॉकडाउन में मैंने सोचा कि क्यों ना कुछ ऐसा किया जाए, जिससे खुद के साथ-साथ लोगों के चेहरे पर खुशी आए। यह कहना है स्नातक की छात्रा हर्षिता टाक का जो ऑनलाइन केक व हेल्दी बेकरी प्रोडक्ट प्रोग्राम के जरिए लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रही हैं। लॉकडाउन में घर पर रहते हुए पहले ऑनलाइन खुद केक व बेकरी प्रोडक्ट बनाना सीखा और अब दूसरी महिलाओं व युवतियों को सीखा रही हैं।
मिलने लगे ऑर्डर
हर्षिता ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान घर पर रहते हुए परेशान नहीं होना चाहती थी। इसके लिए मैंने ऑनलाइन रेसिपी बनाना सीखने का सोचा। जब कई तरह की रेसिपी बनाना देख रही थी तो केक बनाने की रेसिपी को ट्राय किया। फिर दिन में दो से तीन केक बनाने लगी। ऐसे में फिर मेरे माता-पिता ने सर्पोट करते हुए मुझे भी अपनी केक रेसिपी सोशल मिडिया पर डालने की सलाह दी। फिर मैंने अपना केक व हेल्दी बेकरी प्रोडक्ट प्रोग्राम बनाना शुरू किया। उसका नतीजा यह निकला कि लॉकडाउन खुलने के बाद भी ऑनलाइन व ऑफलाइन रेसिपी सीखने के ऑफर के साथ केक व बेकरी प्रोडक्ट के ऑर्डर भी मिलने लगे। अब मैं घर पर अपनी पढ़ाई के साथ लोगों को केक व बेकरी प्रोडक्ट बनाना सीखा रही हूं। वहीं लोगों की डिमांड के अनुसार वितरण भी कर रही हूं। हर्षिता ने बताया कि अभी प्रतिदिन ज्यादा तो नहीं लेकिन आठ से दस आर्डर केक, पेस्ट्री, बिस्कुट जैसे बेकरी प्रोडक्ट के मिल ही जाते हैं। वहीं ऑनलाइन क्लास में अब तक चालीस लोगों को सीखा चुकी हूं।
एग लेस केक व प्रोडक्ट
हर्षिता ने बताया कि अभी मैं एग लेस केक, पेस्ट्री और बेकरी प्रोडक्ट्स बना रही हूं। अंडे की जगह पर सिरका और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करने से केक, ब्रेड व मफिंस सॉफ्ट भी बनते हैं। वहीं केक को फुला हुआ और स्वादिष्ट बनाने के लिए सोडा वॉटर व नट बटर का इस्तेमाल भी करती हूं। कोरोना काल में लोगों का क्रेज बेकरी प्रोडक्ट की ओर बढऩे से फ्रूट केक, चॉकलेट, पेस्ट्री, नानखताई, ओट्स कुकीज, ओट्स बिस्कुट, सूजी बिस्कुट, सुजी केक, बादाम व काजू बिस्कुट जैसे विभिन्न आइटम डिमांड के अनुसार तैयार कर रही हूं।
ओट्स व सूजी से बना रही हेल्दी प्रोडक्ट
हर्षिता बताती है कि कोरोना की वजह से लोग स्वाद के साथ हेल्दी प्रोडक्ट की डिमांड भी करने लगे हैं। ऐसे में आटे के साथ ओट्स (जई) और सूजी से बने प्रोडक्ट बनाना शुरू किया। अभी मैं ओट्स से बनी कुकीज व बिस्कुट बना रही हूं। जिससे वजन कंट्रोल में रहता है और पेट से जुड़ी तकलीफों से भी छुटकारा मिलता है। वहीं ये हार्ट और स्किन के लिए भी फायदेमंद है। इसी तरह सुजी के केक, पेस्ट्री, बिस्कुट व टोस्ट जैसे प्रोडक्ट भी बनाए जा रहे हैं। जिससे दिल के मरीज भी आसानी से इनका स्वाद ले सकें। सूजी के प्रोडक्ट दिल और गुर्दे की कार्य क्षमता को बढ़ाने का काम करते है। इसमें आयरन की मात्रा अधिक होती हैं, जिससे मांसपेशियों को सुचारू रूप से कार्य करने में भी मदद मिलती हैं। सूजी के प्रोडक्ट खाने से एनीमिया रोग होने की संभावना नहीं रहती।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3gBW6MW
0 comments:
Post a Comment