जोधपुर. कायलाना की मनोरम पहाडिय़ों में स्थित माचिया जैविक उद्यान का इसी माह यूएसए के द लिविंग डेजर्ट चिडिय़ाघर के साथ करार होने जा रहा है। यदि सब कुछ योजना के अनुरूप रहा तो मारवाड़वासियों सहित जोधपुर आने वाले देश विदेश के पर्यटकों के लिए माचिया जैविक उद्यान के आकर्षक वन्यजीवों को देखने और भ्रमण का अंदाज पूरी तरह बदल जाएगा। अमरीका के लिविंग डेजर्ट चिडिय़ाघर के साथ करार होने पर माचिया जैविक उद्यान का अंतरराष्ट्रीय स्तर के चिडिय़ाघरों की तरह विकास हो सकेगा। करार के तहत द लिविंग डेजर्ट चिडिय़ाघर के साथ वन्यजीवों का आदान-प्रदान भी हो सकेगा जिससे शहरवासी कई दुर्लभ वन्यजीवों को करीब से निहारने और उनकी अठखेलियां देखने का लुत्फ उठा सकेंगे।
जोधपुर में आकर्षक वन्यजीवों को लाने की उम्मीद बढ़ी
लिविंग डेजर्ट चिडिय़ाघर व डेजर्ट म्यूजियम दरअसल कैलिफोर्निया, संयुक्त राज्य अमरीका में स्थित एक रेगिस्तानी वनस्पति उद्यान है जो कैलिफोर्निया के स्प्रिंग्स के पास कोचेला घाटी के सोनोरान रेगिस्तान और सांता रोजा पर्वत की तलहटी में हैं। इस चिडिय़ाघर में करीब 430 विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीव मौजूद है जिनमें चीता, जिराफ, जेब्रा सहित रेगिस्तान में पाए जाने वाले विभिन्न प्रजातियों के सरिसृप आदि शामिल है। एमओयू के बाद माचिया जैविक उद्यान में जिराफ, जेब्रा, चीता जैसे आकर्षक वन्यजीवों का आदान प्रदान संभव हो सकेगा।
प्रदेश से एकमात्र जैविक उद्यान का चयन
भारत सरकार के पर्यावरण, वन मंत्रालय के अधीन केंद्रीय चिडिय़ाघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने देश के 15 चयनित चिडिय़ाघरों के स्वरूप में परिवर्तन के लिए एक विजन प्लान के तहत जोधपुर के माचिया जैविक उद्यान का चयन किया है। सीजेडए ने इसके लिए अर्नस्ट एंड यंग एलएलपी 'ईवाइÓ के साथ एमओयू अंतराष्ट्रीय विशेषज्ञों की टीम माचिया पार्क का मूल्यांकन और वन्यजीवों के स्वास्थ्य, स्थिति, सुरक्षा, सुधार, प्रकृति आदि समग्र योजना पर रिपोर्ट तैयार करने जल्द ही जोधपुर आएगी।
अब 11 दिसम्बर को पुन: वर्चुअल बैठक में निर्णय
सीजेडए की ओर से देश के 15 प्रमुख चिडिय़ाघरों को विश्वस्तरीय बनाने के दस वर्षीय विजन प्लान में जोधपुर के माचिया जैविक उद्यान को शामिल किया गया है। यूएसए का लिविंग डेजर्ट चिडिय़ाघर करार के बाद माचिया जैविक उद्यान का प्रमुख सहयोगी होगा। सीजेडए ने द लिविंग डेजर्ट चिडिय़ाघर एंड गार्डन, कैलिफोर्निया के साथ माचिया जैविक उद्यान के संभावित सहयोग के बारे में एक वर्चुअल बैठक की थी। लिविंग डेजर्ट चिडिय़ाघर के निदेशक व अन्य अधिकारियों व सदस्यों के साथ माचिया जैविक उद्यान और मुख्य वन संरक्षक के साथ 11 दिसंबर को पुन: वर्चुअल इंटरैक्टिव सत्र रखा गया है। इसके अलावा विदेशी जू से तकनीकी सहयोग और वन्यजीवों का भी आदान-प्रदान हो सकेगा।
-केके व्यास, सहायक वन संरक्षक माचिया जैविक उद्यान जोधपुर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3oS5vA5
0 comments:
Post a Comment