जोधपुर। अब प्रदेश के सभी सीनियर सैकंड्री स्कूलों में गांधी कॉर्नर और सभी विश्वविद्यालयों में गांधी अध्ययन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि बच्चों व युवाओं को पढ़ाई के दौरान गांधी दर्शन से अवगत करवाया जा सके।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राज्य सरकार की ओर से आयोजित शहीद दिवस के विशेष वर्चुअल समारोह पावन स्मरणांजलि में यह घोषणा की। उन्होंने जोधपुर के जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में गांधी अध्ययन केंद्र के नवनिर्मित कार्यालय और वाईल्डलाईफ रिसर्च एण्ड कन्जर्वेशन अवेयरनेस सेन्टर का शुभारंभ किया। गांधी अध्ययन केंद्र को मुख्यमंत्री कोष से पांच लाख रुपए देने की घोषणा करते हुए गहलोत ने कहा कि गांधीजी का व्यक्तित्व व जीवनी युवा पीढ़ी को प्रेरित करने वाली है। आज के दौर में गांधीजी के सिद्धांत अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। सरकार गांधी दर्शन के अधिकाधिक प्रसार के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
कुलपति प्रो. प्रवीण चन्द्र त्रिवेदी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में अध्ययन केन्द्र के निदेशक डॉ. हेमसिंह गहलोत बताया कि केन्द्र में गांधीजी के जीवन से जुड़े दुर्लभ चित्रों की फोटो गैलेरी तथा गांधीजी के जीवन व सिद्धांतों के पुस्तकों की एक छोटी लाइब्रेरी स्थापित की गई है। गांधी केन्द्र के माध्यम से आमजन, युवा वर्ग एवं विद्यार्थियों के लिए महात्मा गांधी के विचार व सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार विभिन्न प्रकार की कार्यशालाओं, सेमिनार एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उच्च शिक्षा मंत्री भंवरसिंह भाटी व कला एवं संस्कृति मंत्री बीडी कल्ला ने भी विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में विधायक मनीषा पंवार व किशनाराम विश्नोई, पूर्व जेडीए चेयरमैन राजेंद्रसिंह सोलंकी विशिष्ट अतिथि के रूप में शरीक हुए। संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा, जिला कलक्टर इन्द्रजीतसिंह, समाजसेवी जसवंत सिह कच्छावाह भी मौजूद रहे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NR8ts3
0 comments:
Post a Comment