जोधपुर।
राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष हापुराम चौधरी की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने सचिवालय में मुख्य सचिव निरंजन आर्य से मिलकर शारीरिक शिक्षा कैडर के सभी पदों की शेष रही पदोन्नति शुरू करवाने की मांग की । साथ ही कैडर के रिक्त पड़े 5 हजार पदों के लिए नई भर्ती निकालने की मांग की । संघ के प्रदेशाध्यक्ष हापूराम चौधरी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम 8 सूत्री मांग पत्र का ज्ञापन इनके विशेष अधिकारी जुगल किशोर मीणा को सौंपा । साथ ही प्रमुख शासन सचिव स्कूल शिक्षा अर्पणा अरोड़ा से भी वार्ता कर शिक्षकों की भांति शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति प्रति वर्ष करने की मांग रखी । प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्रदेशमंत्री हनुमान विश्नोई, प्रदेश संगठन मंत्री प्रकाश भादू, प्रवीण सिंह टोंक और कमल किशोर सारण उपस्थित थे।
--
मांगपत्र
- प्रथम श्रेणी शारीरिक शिक्षकों के पदों को इन कैडर करवाएं और पदोन्नति नियमित करवाई जाए व पदनाम शारीरिक शिक्षा शिक्षक करवाया जाए।
- प्रत्येक उच्च प्राथमिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालय में तृतीय, द्वितीय व प्रथम श्रेणी शारीरिक शिक्षक के पद सृजित किए जाएं व शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति के लिए छात्र संख्या की बाध्यता हटाई जाए ।
- स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा विषय को दसवीं तक अनिवार्य किया जाए व निशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाए ।
- समस्त सरकारी विद्यालयों में खेल बजट आवंटित किया जाए ।
- राज्य के समस्त प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में उपजिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा के पद स्वीकृत किए जाएं।
- निदेशालय बीकानेर द्वारा प्रस्तावित 13 नए खेलों को राज्य स्कूली खेल कैलेंडर में जोड़ा जाए ।
- शारीरिक शिक्षा कैडर के 5 हजार से से अधिक पद रिक्त पड़े है, उन पदों पर नई भर्ती की जाए ।
- विद्यालय खिलाडिय़ों का दैनिक भत्ता बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन किया जाए ।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3pzeRSK
0 comments:
Post a Comment