जोधपुर. वैश्विक महामारी कोरोनकाल के लॉक डाउन के चलते मार्च और मई के मध्य शादियों के पूरे सीजन पर पानी फिरने के बाद अनलॉक 1 की नई गाइडलाइन में हटी आंशिक बंदिशों के बाद कुंआरे अपनी मंगेतर संग सात जन्मों के बंधन में बंधने लगे है। करीब ढाई माह से व्यापार बंद होने के कारण चिंता में बैठे वस्त्र, साफा, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स आदि व्यापारियों को इस माह सावों के सीजन में आशा की नई किरण जगी है। शुक्र का तारा 9 जून को उदय होने के बाद मांगलिक कार्यों का मार्ग प्रशस्त हो चुका है । इस महीने 25, 26, 28 और 30 जून को विवाह के शुभ मुहूर्त है। इनमें भड़ली नवमी (सुनम ) को नौ रेखी सावा होने के कारण ज्यादा सावे होने की उम्मीद है।
पालासनी की दो बहनों का विवाह आर्य समाज,जोधपुर और जिले के पालासनी गांववासियों के सहयोग से दो कन्याओं का विवाह स्वामी दयानद स्मृति भवन मोहनपुरा में संपन्न हुआ। दोनों बहनों सीता और ममता के सुरक्षित भविष्य के लिए 21/21 हजार राशि फिक्स्ड डिपॉजिट की गई। अत्यंत सादगीपूर्ण ढंग से हुए विवाह कार्यक्रम में सीमित संख्या में घराती- बाराती व मेहमान शामिल हुए। आर्य समाज से प्रधान विजय सिंह भाटी,जयसिह पालड़ी,मंत्री आर्य किशन लाल गहलोत आदि ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
-----------------------------------
कोरोना एपि सेन्टर रहे क्षेत्र में भी पहुंची दुल्हन
कोरोना संक्रमण के एपि सेन्टर रहे प्रतापनगर में भी अब विवाह के आयोजन शुरू हो चुके है। क्षेत्र के संजयगांधी कॉलोनी गली संख्या 2 में दूल्हे सतीश की बारात सीमित बारातियों के साथ सिवाणा पहुंची और पाणिग्रहण संस्कार के बाद उसी दिन पुन: प्रतापनगर पहुंचने पर दुल्हन हीना का सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बिना ढोल ढमाकों के परिजनों की ओर से स्वागत किया गया।
मुहूर्त चूके तो 25 नवम्बर तक करना होगा इंतजार
ज्योतिषियों के अनुसार 1 जुलाई से देव शयन और चातुर्मास शुरू होने के कारण विवाह नहीं हो पाएंगे। यदि ये मुहूर्त टल गए तो फिर 25 नवंबर तक कुंआरों को विवाह का इंतजार करना होगा । मारवाड़ में चातुर्मास के दौरान कोई भी शुभ कार्य नही होता है और इस बार चातुर्मास 1 जुलाई से शुरू होने जा रहा है जो देवउठनी ग्यारस 24 नवंबर तक रहेगा । मान्यता यह है कि इस दौरान भगवान विष्णु शयन के लिए चले जाते हैं इसलिए देव प्रबोधिनी एकादशी तक किसी भी तरह का मांगलिक कार्य नहीं किया जाता है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Ba8Jfk
0 comments:
Post a Comment