जोधपुर.
31वें सडक़ सुरक्षा सप्ताह के चौथे दिन शुक्रवार को बासनी थाना पुलिस की ओर से सांगरिया में दुपहिया वाहन सवार सौ जनों को न सिर्फ आइएसआइ मार्का वाले हेलमेट पहनाए गए, बल्कि उन्हें मस्तिष्क की सुरक्षा के लिए हेलमेट की अहमियत के बारे में भी जानकारी दी गई।
आइपीएस व सहायक पुलिस आयुक्त (पश्चिम) दिगंत आनंद, थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह व एसआई भंवरसिंह ने शाम को सांगरिया क्षेत्र में बिना हेलमेट निकलने वाले श्रमिक व निर्धन तबके के लोगों को रोका। उन्हें मस्तिष्क की सुरक्षा के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही हेलमेट पहनाकर अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने का आग्रह किया गया। पुलिस ने सौ हेलमेट आमजन को पहनाए।
उधर, बोरानाडा थाने के एसआई ओमप्रकाश ने बुझावड़ स्थित जीएस जांगिड टीचर ट्रेनिंग कॉलेज फॉर वुमेन की छात्राओं को यातायात नियमों की पालना न करने से होने वाले सडक़ हादसों के बारे में जानकारी दी। छात्राओं के साथ ही शिक्षकों को यातायात नियम पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस की ओर से बोरानाडा बस स्टैण्ड पर सिटी बसों व अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगाए गए।
लघु नाटक से दी नियम पालन की सीख
यातायात पुलिस की ओर से जालोरी गेट स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, किसान भवन में चल रहे नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में वाहन चालकों के आंखों की जांच की गई। जालोरी गेट पर यातायात नियमों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही वाहन चालकों को पेम्फलेट वितरीत किए गए। वाहनों पर स्टीकर भी चिपकाए गए। सोहनलाल मनिहार बालिका सीनियर सैकण्डरी स्कूल के सहयोग से चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में प्रथम पुलिया स्थित महेश पब्लिक सीनियर सैकण्डरी स्कूल में लघु नाटिका भी हुई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/389q5Vg
0 comments:
Post a Comment