जोधपुर.
आइएएस अधिकारी बनकर एक ठग ने बनाड़ थानान्तर्गत खोखरिया में एक ठेकेदार को फोन कर मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे से तत्काल सात करोड़ का कार्य दिलाने का झांसा देकर ६.९७ लाख रुपए ठग लिए। आरोपी के मध्यप्रदेश में पकड़े जाने पर धोखाधड़ी का पता लगा तो पीडि़त ने बनाड़ थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार मूलत: बैनण हाल खोखरिया में पेट्रोल पंप के पीछे निवासी महेन्द्र पुत्र लादूराम बिश्नोई ने सौरभ शुक्ला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। उसका कहना है कि बड़े भाई हनुमान के नाम श्री बालाजी कंस्ट्रक्शंस कंपनी नामक फर्म है। जो रोड व रेलवे का कार्य करती है। गत १२ दिसम्बर को एक व्यक्ति का कॉल आया। खुद को आइएएस अधिकारी सौरभ शुक्ला बताने वाले उस व्यक्ति ने मिनिस्ट्री आफ रेलवे में जॉइंट सैक्रेटरी से तत्काल रेलवे में सात करोड़ रुपए का ठेका दिलाने का झांसा दिया। उसने पुरानी तारीख में ६,९७,१४३ रुपए डीडी बनाने को कहा, लेकिन उसने पुरानी तारीख में डीडी बनाने से अनभिज्ञता जता दी। तब ठग ने कथित परिचित ए रंजन के खाता नम्बर दिए। जिसे बैंक मैनेजर बताया और कहा कि वह सर्वर डाउन होने वाली पुरानी तारीख में डीडी बना देगा। महेन्द्र उसके झांसे में आ गया और फर्म के खाते से उस व्यक्ति के बैंक खाते में आरटीजीएस के मार्फत ६,९७,१४३ लाख रुपए जमा करा दिए। इसके बाद उसे सात करोड़ रुपए का कार्य खुलने व वर्क ऑर्डर डाक से मिलने का झांसा दिया। साथ ही एक और कार्य दिलाने के लिए डीडी बनाकर भेजने की बात की। तब महेन्द्र को कुछ संदेह हो गया। उसने गुस्से में बात की तो उसने आइएएस से पंगा लेने का खामियाजा भुगतने की धमकी देकर डरा दिया।
एम्स में ऑपरेशन होने व पिता के सेवानिवृति के कारण वह व्यस्त हो गया। इस बीच, शनिवार को समाचार पत्र में ठग के मध्यप्रदेश में पकड़े जाने का पता लगा। तब उसे धोखाधड़ी का पता लगा। वह थाने पहुंचा और मामला दर्ज कराया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ZU67um
0 comments:
Post a Comment