जोधपुर.
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने अपार्टमेंट के फ्लैट में युवती की आड़ में एक व्यवसायी के फोटो व वीडियो बनाकर पिस्तौल से डरा-धमकाकर एक करोड़ रुपए मांगने और पांच लाख रुपए वसूलने के मामले में मुख्य आरोपी को नासिक से गिरफ्तार किया। एक महीने बाद भी चार अन्य युवक व युवती का पता नहीं लग पाया है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रीति चन्द्रा के अनुसार प्रकरण में ओसियां थानान्तर्गत चण्डालिया निवासी प्रेम खोथ उर्फ प्रेमाराम जाट मुख्य आरोपी है। वारदात के बाद से वह भूमिगत हो गया था। गत दिनों उसके महाराष्ट्र के नासिक में होने का पता लगा। एसआई परमेश्वरी के नेतृत्व पुलिस दल गठित कर नासिक भेजा गया, जहां शनिवार को प्रेम को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद चण्डालिया निवासी प्रेम खोथ उर्फ प्रेमाराम (२६) पुत्र मेहताराम जाट को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे रविवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए। उसे सत्रह अक्टूबर को दुबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल शकील खान, कांस्टेबल जब्बरसिंह, भागीरथसिंह, भंवरलाल, प्रेम व गणपत शामिल थे।
थानाधिकारी आनंदसिंह ने बताया कि वारदात में रूपाराम जाखड़, केवलराम उर्फ कैलाश, आदूराम उर्फ आदित बेनीवाल, महेन्द्रसिंह व एक युवती भी शामिल थे। इनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह है मामला
गत १७ सितम्बर को प्रेम खोथ ने महामंदिर तीसरी पोल के बाहर दाधीच नगर निवासी व्यापारी रामनिवास राठी को बातचीत के लिए अशोक उद्यान बुलाया था, जहां से व्यवसायी को उद्यान अपार्टमेंट के एक फ्लैट ले जाया गया। युवक ने उसे बीयर पिलाने का आग्रह किया, लेकिन उसने मना कर दिया था। फिर एक युवती फ्लैट में पहुंची तो उसने भी व्यवसायी को बीयर पीने को कहा। उसे भी मना कर दिया गया था। इस बीच, युवती व्यवसायी के ऊपर गिर गई और फोटो-वीडियो बनाने लगी थी। तभी चार युवक भी फ्लैट में आ गए थे। एक युवक ने सिर पर पिस्तौल तान एक करोड़ रुपए मांगे थे। एेसा न करने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। एक करोड़ रुपए देने में असमर्थता जताने पर २५ लाख रुपए तय हुआ था। व्यवसायी ने भाई को फोन कर पांच लाख रुपए मंगवाए। भाई व व्यापारी का पुत्र रुपए लेकर मण्डोर कृषि मण्डी पहुंचे थे। रूपाराम व महेन्द्रसिंह यह रुपए लेकर आए थे। तब व्यवसायी को छोड़ा गया था।
पारिवारिक रंजिश में दी थी जान से मारने की धमकी
एसआई परमेश्वरी का कहना है कि प्रेम खोथ व उसके रिश्ते में भाई दौलाराम खोथ के बीच पारिवारिक रंजिश है। दौलाराम ने प्रेम के घर फायरिंग की थी। साथ ही प्रेम के पिता पर हमला भी कर चुका है। बदले में प्रेम ने दौलाराम पर हमला कर हाथ व पांव तोड़ दिए थे। मथानिया थाने में मामले दर्ज हैं। आरोपी वांछित भी हैं। व्यवसायी से ब्लैकमेल के बाद भूमिगत होने पर प्रेम ने सोशल मीडिया पर दौलाराम का फोटो अपलोड कर क्रॉस किया था। उसके साथ ही चार जनों को जान से मारने की धमकी दी थी। उसने खुद को सोपू गैंग से जुड़े होने की जानकारी दी थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2MaEqrO
0 comments:
Post a Comment