अभिषेक बिस्सा/जोधपुर. जनवरी माह से जोधपुर में निमोकॉकल कॉन्ज्यूगेट टीका भी फ्री लगाया जाएगा। हालांकि ये टीका प्रदेश के 19 जिलों में लगना शुरू हो गया है। जोधपुर समेत प्रदेश के अन्य 14 जिलों में जनवरी माह से टीका नियमित लगना शुरू होगा। जबकि जोधपुर के उम्मेद व एमडीएम अस्पताल में बड़ी संख्या में न्यूमोनिया पीडि़त बच्चे आउटडोर में आते हैं। इस टीके के बाद निमोनिया के शिशु मरीज काफी हद तक कम होंगे। वहीं राजस्थान, मध्यप्रदेश, यूपी व बिहार जैसे राज्यों में ये बीमारी सर्वाधिक बच्चों को होती है। कई बच्चों की निमोनिया से मौतें भी होती हैं। भारत में ये टीका हिमाचल प्रदेश, यूपी व बिहार में शुरू हो चुका है। द्वितीय चरण में राजस्थान के सभी जिलों में लगना शुरू हो जाएगा।
यों लगेगा टीका
न्यूमोकॉकल का टीका न्यूमोनिया, मेनिंजाइटिस व अन्य जीवाणु से होने वाली बीमारियों से बचाव करता है। ये टीका 6 सप्ताह, 14 सप्ताह व 9 माह के बच्चों को लगाया जाएगा। इस आयु के बाद वाले बच्चों को टीका नहीं लगेगा। प्रथम चरण में राज्य के बांसवाड़ा, बाड़मेर, डूंगरपुर, जालोर, पाली, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चितौडगढ़़, जयपुर प्रथम-द्वितीय, झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर व टोंक में टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है।
विश्व में 16 प्रतिशत मौतें निमोनिया से
विश्व में 0-5 वर्ष की आयु वर्ग के मरने वाले बच्चों में केवल न्यूमोनिया के कारण 16 प्रतिशत बच्चों की मौत हो जाती है। विश्व में जितने भी बच्चे निमोनिया से मरते हैं, उसमें 20 प्रतिशत बच्चे भारत में मरते हैं। 80 प्रतिशत न्यूमोनिया संबंधित मौतें 0 से 2 वर्ष की आयु में होती है। टीकाकरण के बाद मौतों पर खासी हद तक कमी आएगी। जोधपुर में हर साल की आउटडोर में करीब 20 प्रतिशत तक बाल रोगी निमोनिया के आते हैं और समय पर न आने से कइयों की मौत तक हो जाती है।
- डॉ. मोहन मकवाना, वरिष्ठ आचार्य, शिशु रोग विभाग, डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज
अभी 19 जिलों में चल रहा टीकाकरण
जनवरी माह में निमोकॉकल का टीका लगना प्रस्तावित है। प्रदेश में कुछेक जगह लग रहा है, लेकिन जोधपुर में जल्द शुरू हो जाएगा। अभी 19 जिलों में टीकाकरण चल रहा है।
- डॉ. कौशल दवे, आरसीएचओ, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2JiNVTZ
0 comments:
Post a Comment