जोधपुर।
नगर निगम से जारी होने वाली फायर एनओसी के लिए शहर के उद्यमियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैण्डीक्राफ्ट सहित अन्य इकाइयों में आगजनी के हालात से निपटने व रोकथाम से संबंधित फायर फाइटिंग उपकरण आदि होने की पुष्टि होने पर ही सोशल ऑडिट में इकाइयों को सही माना जाता है। सोशल ऑडिट में सही पाए जाने की पुष्टि होने पर ही विदेशी बाइंग हाउस व बड़े बायर्स यहां के निर्यातकों को ऑर्डर्स देते है । फ ायर एनओसी से स्पष्ट हो जाता है कि उद्यमियों की इकाई में फायर फाइटिंग उपकरण व इकाई आगजनी की रिस्क से बाहर है । शहर के करीब 100 से अधिक उद्यमियों को फायर एनओसी नहीं मिली है। कई उद्यमियों ने तो 7-8 माह पहले आवेदन कर चुके है, लेकिन उनको एनओसी जारी नहीं हुई है।
------
प्रभावित होती है सोशल ऑडिट
निर्यातकों के अनुसार, फायर एनओसी के लिए कई बार निगम में सम्बंधित दस्तावेज एवं फीस जमा करवाने के बाद भी समय पर एनओसी जारी नहीं होती है। फायर एनओसी के लिए जटिल मापदण्ड व जटिल प्रक्रिया से निर्यातकों को महिनों चक्कर काटने पड़ रहे है। इसका सीधा प्रभाव इकाइयों में होने वाली सोशल ऑडिट व निर्यात ऑर्डर्स पर पड़ता है। जोधपुर के हैण्डीक्राफ्ट निर्यात उद्योग में सोशल ऑडिट का काफी महत्व है। सोशल ऑडिट की रिपोर्ट से संतुष्ट होकर ही बायर्स निर्यातक इकाई में रूचि लेते है।
-------------
सबसे ज्यादा आगजनी हैण्डीक्राफ्ट इकाइयों में
स्टील, टैक्सटाइल, ग्वागम आदि की तुलना में हैण्डीक्राफ्ट इकाइयों में आगजनी की घटनाएं ज्यादा होती है। इन इकाइयों में सुरक्षा खामियों व लापरवाही की वजह से वुडन मैटेरियल के उपयोग करने, उससे निकलने वाले बुरादे, पॉलिश मैटेरियल, पैकिंग मैटेरियल तथा इकाइयों के कच्चे पक्के शेड्स की वजह से आग तेजी के साथ फैलती है। पिछले कुछ वर्षो में औद्योगिक क्षेत्र में हुई आगजनी में से सबसे ज्यादा हैण्डीक्राफ्ट्स इकाइयों में हुई है।
-----
मुझे फायर एनओसी के लिए आवेदन किए हुए 6 माह से ज्यादा समय बीत चुका है। जटिल प्रक्रिया व औपचारिकताओं की वजह से अभी तक एनओसी नहीं मिली है।
अशोक चौहान, निर्यातक
---
फायर एनओसी जारी करने के नियम थोड़े जटिल है। जिन्होंने औपचारिकताएं पूरी नहीं की होगी, उनको एनओसी जारी नहीं हुई होगी। फिर भी, उद्यमी या कोई प्रतिनिधिमण्डल आएगा, तो दिक्कतें दूर कर एनओसी जारी करने का प्रयाय करूंगा।घनश्याम ओझा, महापौर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2FkW7R5
0 comments:
Post a Comment