होली त्योहार पर गई 13 की जान, मातम में बदली खुशियां

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

13 Death on Holi, 10 death in accident and 3 death by Suicide

जोधपुर.
जिले में होली के मौके पर चार अलग-अलग सड़क हादसों में दस जनों की जान चली गई। जबकि एक प्रेमी जोड़े समेत तीन युवाओं ने खुद ही मौत को चुन लिया। होली पर खुशियों के रंग के बीच अपनों की मौत की खबर सुनकर परिजन के चेहरों के रंग उड़ गए। जहां खुशियां चहक रही थी, वहां मातम पसर गया। जिसने भी हादसों व घटनाओं के बारे में सुना, हर किसी ने यही प्रार्थना की हे भगवान! त्योहार के दिन ऐसी बुरी खबर और किसी को मत सुनाना और जिनके घर ऐसा कहर बरपा है, उनको इस विकट समय को झेलने की हिम्मत देना।


कार-ट्रक की भिड़ंत में साला-बहनोई का दम टूटा
-होली मनाने के बाद पुष्कर से लौटते समय हादसा
जोधपुर/खारिया मीठापुर.
बिलाड़ा थानान्तर्गत कापरड़ा में विष्णु की ढाणी के पास गुरुवार सुबह कार-ट्रक की भिड़ंत में एक चिकित्सक सहित दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। मृतक रिश्ते में साला-बहनोई थे। तीनों पुष्कर में होली मनाने के बाद जोधपुर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार पीपाड़ शहर के पास खांगटा गांव निवासी विकास गोदारा (२८) पुत्र ओमप्रकाश चौधरी, शास्त्रीनगर में सेक्टर ७ निवासी डॉ. गौरव भाकर (40) पुत्र देवीलाल चौधरी व सरदारपुरा में नेहरू पार्क क्षेत्र निवासी कृष्णा उर्फ चन्द्रेश बेनीवाल कार में पुष्कर से जोधपुर लौट रहे थे। सुबह चार बजे विष्णु की ढाणी के पास कार की ट्रक से भिड़ंत हो गई। कार चला रहे विकास की मौके पर ही मृत्यु हो गई। लोगों ने पुलिस की मदद से दोनों घायलों को कार से निकाल मथुरादास माथुर अस्पताल के लिए रवाना किया। अस्पताल पहुंचने पर डॉ गौरव भाकर को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि घायल कृष्णा उर्फ चन्द्रेश का इलाज चल रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ बिलाड़ा थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त किए हैं। परिजन का कहना है कि तीनों होली मनाने बुधवार अपराह्न कार से पुष्कर गए थे। होलिका दहन के बाद देर रात तीनों युवक जोधपुर के लिए रवाना हुए। विकास कार चला रहा था। कुछ देर बाद सुबह चार बजे हादसे का शिकार हो गए। कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह पिचकने से चालक विकास फंस गया। उसे मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। मृतक डॉ. भाकर पावटा में लैब व जिम के संचालक थे।


एसयूवी पलटी, युवक की मौत
जोधपुर .
डांगियावास थानान्तर्गत सालवा कलां में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार एसयूवी पलटने से चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई के बाद शव परिजन को सौंपा।
बिलाड़ा थानान्तर्गत चांदेलाव में विष्णु की ढाणी निवासी श्यामलाल (३८) पुत्र हरलाल बिश्नोई गुरुवार रात एसयूवी कार से गांव जा रहा था। सालवा कलां के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। गंभीर घायल चालक श्यामलाल को लोगों ने अस्पताल भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मृतक कार में अकेला ही था।


होली पर गांव आ रहे कांस्टेबल की हादसे में मौत
जोधपुर.
खेड़ापा थानान्तर्गत कास्टी गांव की सरहद में अज्ञात वाहन की चपेट से मोटरसाइकिल सवार कांस्टेबल की मृत्यु हो गई। थानाधिकारी केसाराम के अनुसार बावड़ी के पास सांवत कुआं कलां गांव निवासी मंगनाराम (३२) पुत्र बिरदाराम जाट गुरुवार रात मोटरसाइकिल पर गांव आ रहा था। कास्टी गांव की सरहद में पीछे से तेज रफ्तार व लापरवाही से आए अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया। उसे गंभीर हालत में मंगनाराम को मथुरादास माथुर अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह कार्रवाई के बाद परिजन को सौंपा गया। दोपहर बाद गांव में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। थानाधिकारी केसाराम ने पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित किए। पुलिस का कहना है कि पाली पुलिस में कांस्टेबल मृतक पुलिस स्टेशन शिवपुरा में पदस्थापित था।


कच्चे मार्ग पर दो मोटरसाइकिल भिड़ी, एक की मौत
बिसलपुर.
डांगियावास थानान्तर्गत पालासनी गांव के पास बुधवार देर रात कच्ची सड़क पर गलत दिशा में चल रही एक मोटरसाइकिल की सामने से आ रही एक बाइक से भिड़ंत में एक चालक की मौत हो गई। दुर्घटना करने वाली मोटरसाइकिल चालक मौके से भाग निकला।
पुलिस के अनुसार पालासनी गांव निवासी सिद्धांत (२२) पुत्र मेहराराम खटीक मोटरसाइकिल पर बुधवार रात पालासनी से बिरड़ावास की तरफ जा रहा था। सड़क कच्ची होने से वह गलत दिशा में बाइक चला रहा था। गांव से कुछ आगे सामने से एक मोटरसाइकिल आती नजर आई। उसके चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाकर सिद्धांत की बाइक से भिड़ा दी। सिद्धांत गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना करने वाला मौके से बाइक लेकर भाग निकला। जबकि सिद्धांत को आस-पास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने कार्रवाई के बाद शव परिजन को सौंपा। मृतक के भाई सुनील की तरफ से दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है। मृतक इंजीनियर था।

 

पैर फिसलने से हौद में गिरा बालक, मौत
बालेसर.
कस्बे के समीपवर्ती कृषि फार्म हाऊस पर बने हौद में डूबने से एक बालक की मौत हो गई। मृतक कमल (१३) के पिता अमानाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह पिछले एक वर्ष से जलंधरनगर निवासी स्वरूप सिंह पुत्र डूंगर सिंह के कृषि फार्म हाऊस पर कार्य कर रहा था तथा परिवार समेत यहीं निवास कर रहा था। २१ मार्च धुलण्डी के दिन बालक कमल पैर फिसलने से पानी से भरे हौद में गिर गया। वहीं वहां मौजूद मृतक के पिता के चिल्लाने पर आसपास से कुछ लोग मौके पर पहुंचे तथा कमल को बाहर निकाला व बालेसर सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव पुलिस को सुपुर्द कर दिया।


सड़क दुर्घटना मं एक वृद्ध की मौत
बोरुन्दा.
कस्बे में गुरुवार को तेजगति व लापरवाही से वाहन संचालन करते हुए टक्कर मारने से एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई। थानाधिकारी बाबूलाल राणा के अनुसार सज्जनदास वैष्णव ने रिपोर्ट दी कि उसके पिता लादुदास गुरुवार दोपहर को बाजार व घर के बीच स्कू ल के पास डीजे वाहन चालक ने तेज गति व लापरवाही पूर्वक संचालन करते हुए लादुदास 70 पुत्र को टक्कर मार दी। जिसके चलते उनको राजकीय चिकित्सालय ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुख्य आरक्षी गिरवरदान रतनू ने मृतक लादुदास का पोस्टमार्टम करवाते हुए शव परिजनों को सुपुर्द करने पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया।


बोलेरो व बाइक टक्कर में एक मरा, दो घायल
आऊ.
फलोदी नागौर स्टेट हाइवे 19 पर तालों की ढाणी के निकट बुधवार दोपहर ढाई बजे करीब आऊ से सामान खरीद कर छीतरबेरा की तरफ जा रहे बाइक सवार पिता पुत्री व भतीजी को सामने से आ रही एक बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। भोजासर थानाधिकारी हरिसिंह राजपुरोहित ने बताया कि हरीराम पुत्र कोजाराम विश्नोई निवासी छीतरबेरा ने रिपोर्ट दी कि उसका छोटा भाई ओमप्रकाश पुत्र कोजाराम विश्नोई अपनी पुत्री राधा व भाई भागीरथ की पुत्री पालू को होली के त्यौहार का सामान दिलाकर वापस अपनी बाइक से ढाणी आ रहे थे। तालों की ढाणी यारुखां की होटल के पास पहुंचने पर सामने सेआ रहे बोलेरो चालक अशोक पुत्र शैतानाराम विश्नोई निवासी खावों की ढाणी भोजासर ने बाइक के टक्कर मारी जिससे ओमप्रकाश का एक पांव टूट कर अलग हो गया तथा राधा व पालू को भी चोटें आई। मौके पर मौजूद लोग सभी घायलों को आऊ अस्पताल लेकर गए जहां से ओमप्रकाश को एमडीएम अस्पताल जोधपुर रैफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान आेमप्रकाश की मौत हो गई तथा राधा व पालू को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।


विवाह में शरीक होने जा रही महिला की मौत
देणोक.
चाडी गांव के मानाहसर चौराहे पर गुरुवार रात को हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हुई। एक युवक गंभीर घायल हो गया। उसे जोधपुर रैफर किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरूवार शाम आऊ से चाडी की ओर दो बाइक पर सवार युवक पीछे महिलाओं व बच्चों को बैठाकर करणू शादी में शरीक होने जा रहे थे। मानाहासर चौराहे के पास उनकी किसी अज्ञात वाहन से हुई टक्कर के दौरान महिला जसुुदेवी पत्नी फुसाराम ढोली केरला ३५ की मौके पर ही मौत हुई और देवाराम पुत्र चैनाराम ढोली घायल हो गया। घायलों को चाडी अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाया। लेकिन महिला की मौत हो गई।


पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल
बेलवा.
बेलवा राणाजी गांव के रेतीले धोरों में प्रेमिका ने प्रेमी संग मिलकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद गांव में सनसनी फै ल गई। बताया जा रहा है कि दोनों में लम्बे समय से प्रेम प्रसंग था और इसलिए दोनों ने एक साथ ही मौत को चुन लिया। प्रेमी युगल ने लडक़ी के कपड़ों से फंदा बना कर पेड़ से लटककर आत्महत्या की। बताया जा रहा है कि बेलवा राणाजी गांव का युवक दूसरे गांव गुमानपुरा की लडक़ी से प्रेम करता था। कुछ दिन पहले ही प्रेमिका की शादी हुई थी। यह दोनों को मंजूर नहीं था, संभवत: इसलिए ही दोनों ने फंदा लगा लिया। लोगों को पता लगने पर घटना स्थल पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बालेसर पुलिस थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मामले को फिलहाल मृग दर्ज किया है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं से भी जांच करेगी।

दिव्यांग युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
भोपालगढ़.
आदर्श कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह किराए के कमरे में फंदे पर लटका एक युवक का नग्न अवस्था में सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक युवक बालेसर सत्ता निवासी था। मृतक के परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फंदे पर लटकाए जाने की आशंका जताई है। युवक मिट्ठूराम माली पिछले कुछ दिनों से यहां किराए का कमरा लेकर रह रहा था और वह दसवीं की परीक्षा देने के लिए आया हुआ था। थाना प्रभारी डॉ. मनोहर बिश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद सरपंच प्रतिनिधि जयप्रकाश देवड़ा, शिवकरण सैनी, हरेंद्र देवड़ा, पांचाराम सोलंकी व ग्रामीणों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया,उसकी मृत्यु दो-तीन दिन पूर्व होने के कारण शव से दुर्गंध आने लगी थी। दोपहर बाद मृतक के परिजनों के भोपालगढ़ पहुंचने पर उनकी मौजूदगी में ही शव को फंदे से नीचे उतारकर शव की हालत खराब होने से मौके पर ही पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2HObggl
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment