जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीती रात जोधपुर सहित थार के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बादलों की घनी आवाजाही के साथ तेज हवा चली। कुछ ग्रामीण इलाकों में बूंदाबांदी के भी समाचार है। दिन में धूप निकलने के साथ मौसम सामान्य बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को घने बादल छाए रहेंगे। बादलों के पहरे की वजह से सूर्यदेव के बमुश्किल दर्शन होंगे। बुधवार को मौसम खुल जाएगा।
सूर्यनगरी में अल सुबह हवा के तेज झोंकों से खुले में रखा सामान अस्त व्यस्त हो गया और कई लोगों की नींद खुल गई। पेड़ पौधों की कमजोर पत्तियां नीचे गिरने से कई मुख्य मार्गो और कॉलोनी के बगीचों में कचरा हो गया। न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री रहा। धूप निकलने के बाद मौसम लगभग सामान्य हो गया। दिन में सर्दी का असर नहीं के बराबर था। धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री रहा। बीच में कई बार बादलों की आवाजाही से धूप व छांव की स्थिति भी बनी।
जैसलमेर में रात का तापमान 13.5 व दिन का 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 16.6 व अधिकतम 29.8 डिग्री रहा। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में पारा 12 डिग्री रहा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2SXiksU
0 comments:
Post a Comment