भागवत कथा में तीन महिलाओं की सोने की चेन चोरी
जोधपुर. सूरसागर थानान्तर्गत चांदपोल में चल रही भागवत कथा के समापन के दौरान बुधवार को उमड़ी भीड़ में चोर तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन चुरा ले गया। चांदपोल निवासी रूद्राक्ष ने बताया कि कथा समापन के दौरान किसी ने उसकी मां सारिका त्रिवेदी, मुन्नीदेवी व सुमन के गले से सोने की चेन चुरा ली। घर पर चेन गायब देख तीनों पीडि़त दूसरे दिन कथास्थल पहुंचे। बाद में उन्होंने सूरसागर थाने में लिखित शिकायत दी। कथा के दौरान हो रही वीडियोग्राफी में संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है।
महिला ने लगाया मोबाइल पर परेशान करने का आरोप
- पुलिस कांस्टेबल है आरोपी
जोधपुर. एक महिला ने मोबाइल पर आपत्तिजनक बातचीत करके तंग व परेशान करने का मामला कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में दर्ज कराया है। जांच में मोबाइल सिम धारक पुलिस कांस्टेबल है। उसके सामने आने के बाद हकीकत का स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस के अनुसार केबीएचबी निवासी महिला की शिकायत पर मोबाइल नम्बर के आधार पर आईटी एक्ट व परेशान करने का मामला दर्ज किया गया है। महिला पति से अलग दो बच्चों के साथ रहती है। मोबाइल नम्बर की जांच में सामने आया है कि सिम धारक पुलिस लाइन में पदस्थापित एक कांस्टेबल है। फिलहाल मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। आशंका है कि महिला को तंग व परेशान करने के पीछे उसके पति की कोई भूमिका हो सकती है।
व्यवसायी के मकान से दिनदहाड़े नौ तोला सोना व रुपए चोरी
- खेतेश्वर नगर में वारदात
जोधपुर. कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत खेतेश्वर नगर स्थित कपड़ा व्यवसायी के सुने मकान में शुक्रवार दिनदहाड़े चोरों ने हाथ साफ कर नौ तोला सोने के आभूषण व रुपए चुरा लिए। पुलिस के अनुसार खेतेश्वर नगर निवासी श्रवण कुमार विश्नोई दोपहर बारह बजे सरदारपुरा में कपड़े की दुकान चला गया। मां व भाई सुबह रामदेवरा गए थे। पीछे घर पर कोई नहीं था। किसी दस्तावेज की आवश्यकता होने पर वह शाम को घर पहुंचा और मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचा तो दंग रह गया। अंदर कमरों के ताले टूटे हुए थे। सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने अलमारी से नौ तोला सोना व रुपए चुरा लिए। पुलिस ने मौका मुआयना किया और जांच शुरू की है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2lggtBg
0 comments:
Post a Comment