- लोकतंत्र रक्षा मंच करेगा सेनानियों को सम्मानित
जोधपुर.
देश में आपातकाल के दौर की बरसी के रूप में प्रतिवर्ष लोक तंत्र रक्षा मंच की ओर से होने वाला प्रदेश स्तरीय सम्मेलन इस बार जोधपुर में होगा। २२ जून को मेडिकल कॉलेज सभागार में होने वाले सम्मेलन में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शिरकत कर सकती हैं। यह बात मंच के प्रदेशाध्यक्ष और राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री राजेन्द्र गहलोत ने पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी होगा। २५ जून १९७५ मध्यरात्रि से ही आपातकाल लगा था। इसीलिए जून माह में सभी जिला मुख्यालयों पर आपातकाल कालखंड की ४४वीं बरसी मनाने की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी २०१८ में आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वालों और जेल जाने वालों को लोकतंत्र सेनानी का दर्जा दिया गया है। उन्होंने आपातकाल के संघर्ष के बारे में युवाओं को जानकारी देने की मांग भी सरकार से की है। उन्होंने बताया कि संगठन प्रतिवर्ष २१ मार्च को आपातकाल हटाए जाने के मौके पर विजय दिवस भी मनाता है।
१४ सौ से ज्यादा सेनानी
मंच के प्रदेश महामंत्री देवराज बोहरा ने बताया कि प्रदेश में करीब १४ सौ से अधिक लोकतंत्र सेनानी हैं। जिन्होंने आपालकाल में संघर्ष किया था। मंच से जुडे़ दामोदर बंग ने आपातकाल के दौरान खुद के गिरफ्तार होने का संस्मरण और यातनाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि जोधपुर में ४०० से अधिक लोगों को तब गिरफ्तार किया गया था। अभी १२० से अधिक लोकतंत्र सेनानी जोधपुर में है।
कई यातनाएं तक सही
यहां जयप्रकाश नारायण के साथ संघर्ष के बारे में बताते हुए गहलोत और बंग ने कहा कि कई यातनाएं तक सहनी पड़ी थी। कई दिनों तक पुलिस की ओर से उत्पीडऩ किया गया। कई लोगों के घरों तक दबिश देकर दबोचा गया। यहां मौजूद देवराज बोहरा ने बताया कि उनके पिता जो कि उस समय सक्रिय थे को पकडऩे के लिए पुलिस आई। लेकिन जब वे नहीं मिले तो उन्हें और उनके भाई को ही पकड़ कर जेल में डाल दिया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2HYJOJh
0 comments:
Post a Comment