ओसियां. कस्बे के थोब चौराहा पर बुधवार रात को डिस्कॉम कर्मचारियों की टीम पर हमला कर 12 लाख रुपए लूट की वारदात करने वाले गिरोह ने डिस्कॉम के ही एक कर्मचारी को अपने साथ मिला लिया था। उसी कर्मचारी से पूरी जानकारी लेने के बाद लूट की प्लानिंग की गई और 12 लाख रुपए लूट लिए गए।
इसका खुलासा करते हुए ग्रामीण पुलिस की टीम ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी (ग्रामीण) हरेंद्र कुमार महावर ने बताया कि डिस्कॉम की एक टीम बुधवार रात को चांदरख और गिंगाला जीएसएस पर संग्रहित करीब 32 लाख रुपए लेकर ओसियां आ रही थी। इस राशि में से 12 लाख रुपए एक बैग में और 20 लाख रुपए लोहे के एक संदूक में रखी थी।
रात करीब 8 बजे थोब चौराहा पर अचानक कुछ बदमाशों ने इस टीम का रास्ता रोक लिया और कर्मचारियों की आंखों में मिर्ची फेंककर 12 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस ने इस मामले में डिस्कॉम कर्मचारी हरढाणी निवासी निंबाराम जाट पुत्र रामचंद्र और उसके साथी घेवड़ा निवासी पुखराज जाट पुत्र भीयांराम को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 2 लाख 70 हजार रुपए की नकदी भी बरामद की गई है। इनसे हुई प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने शेष 10 आरोपियों को भी नामजद कर उनकी तलाश शुरू की है।
कर्मचारी को लालच देकर साथ मिलाया
एएसपी (फलौदी) सत्येंद्रपाल सिंह ने बताया कि घेवड़ा निवासी निंबाराम जाट करीब 9 महीने पहले ही डिस्कॉम में लगा था। बदमाशों ने उसे अपने साथ मिलाया और विभाग की पूरी जानकारी हासिल की। निंबाराम ने ही बदमाशों को बताया कि कब और कैसे कितनी राशि कहां से एकत्रित हुई है और किस रास्ते से कहां ले जाई जाएगी। इसके बाद ही बदमाशों ने लूट की पूरी साजिश को अंजाम दिया।
खुद के मुंह पर कपड़ा बांधा, फेंका मिर्च पाउडर
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने प्लानिंग के तहत वारदात को अंजाम देने से पहले तो खुद के मुंह पर कपड़े बांध लिए और डिस्कॉम की टीम को रोकते ही उन पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। अभी वे पूरी तरह से संभल पाते, तब तक लाठियों व हथियार से टीम पर हमला करके नकदी से भरा बैग लूटकर भाग निकले। हमले में डिस्कॉम जेईएन आदूराम मंडा के सिर पर गंभीर चोट लगी थी।
0 comments:
Post a Comment