जोधपुर/बिलाड़ा.
जोधपुर ग्रामीण के कापरड़ा थानान्तर्गत एक गांव में घर में अकेली नाबालिग चचेरी बहनों ने टांके में कूदकर शनिवार को आत्महत्या कर ली। परिजन का आरोप है कि पड़ोसी गांव के युवक ने दोनों से बलात्कार कर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकियां दी थी। बदनामी के डर से दोनों टांके में कूद गईं। उधर, पुलिस अन्य पहलूओं से भी जांच कर रही है। बलात्कार, पोक्सो व आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि गांव में आसपास रहने वाली दो चचेरे बहनें दोपहर में एक ही मकान में थी। लाम्बा गांव का एक युवक वहां आया और दोनों से बलात्कार किया। फिर उसने किसी को बताने पर दोनों को डरा धमकाया व जान से मारने की धमकियां दी। इतने में वहां पीडि़ताओं के परिजन आ गए। उन्होंने युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वो धक्का देकर बाहर मोटरसाइकिल पर खड़े साथी के साथ बैठकर भाग गया।
परिजन ने उनका पीछा किया, लेकिन वो हाथ नहीं आए। उधर, पीछे दोनों चचेरी बहनें मकान में टांके में कूद गईं। आरोपी की तलाश के बाद परिजन लौटे तो दोनों बहनें नहीं मिलीं। तलाश करने पर वो टांके में मृत पाईं गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत व जयदेव सिहाग और कापरड़ा थाना प्रभारी सुरेन्द्र दुग्स्तावा मौके पर पहुंचे। एफएसएल बुलाकर साक्ष्य संकलन करवाए गए। बाद में शव बिलाड़ा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए। एक मृतका के मामा ने रात को 36 मील लाम्बा गांव निवासी दिलखुश पुत्र शक्तिसिंह बिश्नोई के खिलाफ बलात्कार, पोक्सो व आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया। दोनों मृतकाएं पास-पास रहती थी और दसवीं की छात्राएं थी।
आरोपी के मिले सुराग, संदिग्धों से पूछताछ
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत ने बताया कि मौके से फरार आरोपी व साथी को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गईं। उसके बारे में काफी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
परिजन का आरोप, रो रही थी दोनों बहनें
परिजन का आरोप है कि दोनों मृतकाओं के घर पास-पास है। एक मृतका के परिजन दोपहर में खेत गए थे। पीछे वह अकेली थी। दूसरी बहन भी वहां आ गई थी। कुछ देर बाद आरोपी भी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंच गया था। बाइक लेकर साथी बाहर छुपा रहा। आरोपी मकान में चला गया था, जहां उसने दोनों से बलात्कार किया। इससे दोनों जोर-जोर से रोने लग गईं थी। परिजन वहां आए तो आरोपी किसी को बताने पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था। फिर वह भाग गया था। बदनामी के डर से दोनों ने आत्महत्या कर ली।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/O1jB4Zu
0 comments:
Post a Comment