जोधपुर।
घरों में सप्लाई होने वाली गैस पाइप लाइन से भी गैस चोरी की जाने लगी है। बासनी थानान्तर्गत बजरंग विहार में एक किराएदार ने गैस पाइप लाइन के मीटर को बदलकर खराब मीटर लगा दिया। रीडिंग लेने के दौरान वह मूल मीटर लगा देता और चूल्हे की प्लास्टिक पाइप का कनेक्शन काट देता। कम्पनी ने आकस्मिक जांच की तो मकान में चार खराब मीटर मिल गए।
पुलिस के अनुसार एजीपी प्रथम कम्पनी की ओर से जोधपुर में औद्योगिक इकाइयों, व्यवसायिक प्रतिष्ठान व मकानों में पीएनजी गैस सप्लाई की जा रही है। इसके लिए गैस पाइप लाइन बिछाई गई है। बजरंग विहार में देवेन्द्र वैष्णव के मकान में मध्यप्रदेश के उज्जैन निवासी बद्री पुत्र मांगीलाल चौधरी किराएदार है। जो एक कम्पनी में सुपरवाइजर है। मकान में गैस पाइप का कनेक्शन लगा हुआ है। कम्पनी की ओर से निर्धारित समयावधि के दौरान गैस उपभोग के लिए मीटर की रीडिंग ली जाती है। मीटर में शून्य रीडिंग आती है। रीडिंग लेने वाले कर्मचारी कारण पूछते तो किराएदार उन्हें चूल्हा दिखाता और गैस का उपभोग न करने की जानकारी देता था। चूल्हा दिखाने के दौरान पाइप लाइन व चूल्हे के बीच लगी रबर पाइप हटी हुई होती है।
बार-बार मीटर की रीडिंग के दौरान शून्य उपभोग आ रही थी। कम्पनी को ग्राहक पर संदेह हुआ। गत 6 मार्च को कम्पनी के कर्मचारियों ने मकान का औचक निरीक्षण किया। मूल मीटर लगा हुआ था, लेकिन चूल्हे की रबर पाइप का कनेक्शन काटा हुआ था। मकान में गैस पाइप लाइन के चार खराब मीटर भी पड़े थे। इनमें से एक खराब मीटर वो था जो मूल मीटर के स्थान पर लगाकर गैस चोरी करने में काम लिया जाता था।कम्पनी के डिप्टी मैनेजर प्रसन्न जीत सिंह की रिपोर्ट पर बद्री चौधरी के खिलाफ गैस चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
रीडिंग लेने के समय खराब मीटर हटा देता
गैस कम्पनी का कहना है कि बद्री चौधरी के पास गैस पाइप के कुछ खराब मीटर हैं। उसने गैस चोरी करने के लिए कम्पनी का मूल मीटर खोल दिया था और उसकी जगह एक खराब मीटर लगा देता था। इससे गैस उपभोग की रीडिंग नहीं आती थी। जब कम्पनी कर्मचारियों के रीडिंग लेने का समय आता तो वह मूल मीटर वापस लगा देता था। चूल्हे का रबर पाइप का कनेक्शन काट देता था। ताकि वह बता सके कि गैस का उपयोग नहीं किया जा रहा है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/RmYa17P
0 comments:
Post a Comment