जोधपुर. बर्फीली हवा लगातार बहने से गुरुवार को भी शहर में कड़ाके की सर्दी रही। ठंडी हवा के कारण शरीर में सिहरन पैदा हो रही थी। चटख धूप में भी धूजणी छूट रही थी। जोधपुर में दिन का पारा 22 डिग्री रहा जो इस सीजन का सर्वाधिक ठंडा दिन था। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ स्थानों पर कोहरे व अतिशीत दिन की परिस्थितियां अगले दो-तीन दिन बनी रहेगी। दो दिन बाद 7 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे प्रदेश के कुछ जगहों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बन रही है।
सूर्यनगरी में बीती रात पारा 9.2 डिग्री रहा। तापमान अधिक नीचे नहीं गया लेकिन सर्दी बहुत तेज थी। बर्फीली हवा ने वातावरण में गलन पैदा कर दी। जाड़ा तेज होने से सुबह-सुबह स्कूल जा रहे बच्चे और काम पर निकलने वाले लोगों के दांत किटकिटाने लग लग। धूप भी तेज निकली लेकिन ठंडी हवा के झौंके धूप में भी सर्दी का अहसास करा रहे थे। दोपहर होते-होते पारा 22 डिग्री आया लेकिन सर्दी से कोई राहत नहीं मिल सकी।
पानी की टंकियों से आ रहा बर्फीला पानी
शीतलहर के कारण घर की छतों पर रखी प्लास्टिक की टंकियों में पानी बर्फ की तरह ठंडा हो गया। दैनिक कामकाज में इस पानी का उपयोग करना मुश्किल हो गया। कई जगह गृहणियों ने गर्म पानी से बर्तन व कपड़े धोए। दोपहर में भी पानी अधिक ठंडा था।
सुबह 7 बजे सर्वाधिक तेज सर्दी
समय------------------ तापमान
सुबह 5 बजे ---------- 10 डिग्री
सुबह 7 बजे ---------- 9 डिग्री
सुबह 9 बजे ---------- 11 डिग्री
दोपहर 12 बजे ---------- 18 डिग्री
दोपहर 2 बजे ---------- 22 डिग्री
शाम 5 बजे ---------- 21 डिग्री
रात 8 बजे ---------- 16 डिग्री
रात 12 बजे ---------- 11 डिग्री
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/eEtQ4vb
0 comments:
Post a Comment