जोधपुर।
फलोदी जिले की ग्राम पंचायत बाप की जमीन के फर्जी पट्टे (Fake Patta case) जारी करने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी ने 11 साल बाद 22 आरोपियों को दोषी माना और 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश किया। आरोपियों में तत्कालीन महिला सरपंच, उप सरपंच व वार्ड पंच भी शामिल हैं।एक आरोपी की मौत हो गई। (ACB chargesheet against 21 accused)
ब्यूरो के उप महानिरीक्षक हरेन्द्र कुमार महावर ने बताया कि ग्राम पंचायत बाप की सरकारी जमीन के फर्जी दस्तावेजों से पट्टे जारी कर दिए गए थे। इस संबंध में वर्ष 2010 में शिकायत मिलने पर ब्यूरो के जयपुर मुख्यालय ने तत्कालीन सरपंच शांतिदेवी गर्ग, उप सरपंच वल्लभ व्यास, वार्ड पंच सहित 27 जनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार के निर्देशन में निरीक्षक सुनीता कुमारी की जांच में आरोप प्रमाणित पाए।
राज्य सरकार से अभियोजन स्वीकृति मिलने के बाद जांच अधिकारी ने 21 अरोपियों को गिरफ्तार किया और कोर्ट में चालान पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया।
जांच के दौरान 6 आरोपियों की मृत्यु
जांच अधिकारी निरीक्षक सुनीता कुमारी का कहना है कि जांच के दौरान 27 में से पांच आरोपियों की पहले ही मृत्यु हो गई थी। 22 जनों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश करना था। 20 आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के लिए पाबंद करवा दिया गया था। दो चचेरे भाइयों का पता नहीं लग रहा था। मोबाइल नम्बर से दोनों के महाराष्ट्र में रहने का पता लगा। सम्पर्क करने पर इनमें से एक आरोपी की कोरोना काल में मौत हो की पुष्टि हुई। दूसरे को बुलाकर कोर्ट में पेश किया गया।
यह गिरफ्तार और कोर्ट में चालान पेश
बाप की तत्कालीन सरपंच शांतिदेवी, तत्कालीन उप सरपंच वल्लभ व्यास, वार्ड पंच शंकरलाल, नारायणलाल, चुन्नीलाल, दिलीप कुमार, फूलचंद गर्ग व ग्राम पंचायत के तत्कालीन आबादी सचिव भोमराज और बतौर लाभार्थी बाप निवासी हरिप्रसाद पुत्र पूनमचंद, प्रेमराज पुत्र पूनमचंद, मांगीलाल पुत्र किशन, लक्ष्मीदेवी पत्नी इन्द्रलाल, मनसुख पुत्र कानाराम, तुलसीदास पुत्र राणीदान, जैसीराम पुत्र राणीदान, सूरजमल पुत्र राणीदान, नथमल, लूणकरण पुत्र नारायणलाल शर्मा, भगवानसिंह पुत्र मांगीलाल, नैनूलाल पुत्र पेमाराम, गिरीराज पुत्र हरिनारायण को आरोपी माना गया है। इन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। एक आरोपी की मृत्यु हो गई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/46AS7vh
0 comments:
Post a Comment