जोधपुर।
रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ यात्री भी हाइटेक हो रहे है। रेलवे के मोबाइल एप से अनारक्षित टिकट बुक कराने की सुविधा यात्रियों के लिए वरदान बन गई है, इससे यात्रियों को अनारक्षित टिकट के लिए स्टेशन पर लंबी कतारों से मुक्ति भी मिलने लगी है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जुलाई माह में 65331 से अधिक यात्रियों ने यूटीएस यानी ऑनलाइन मोबाइल एप से अनारक्षित टिकट बुक किए। जोधपुर मंडल के सभी स्टेशनों पर ऑनलाइन अनारक्षित रेल टिकट बुकिंग के लिए यूटीएस ऑन मोबाइल एप सुविधा उपलब्ध है।
--------
रेलवे को 14 लाख 97 हजार की आय
जोधपुर मंडल के जुलाई माह में 65331 से अधिक यात्रियों ने यूटीएस ऑन मोबाइल एप से अनारक्षित टिकट बुक किए , जिससे रेलवे ने 14 लाख 97 हजार रुपए की आय अर्जित की है। जबकि गत वर्ष 2022 जुलाई माह में 16700 यात्रियों ने यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप का उपयोग करते हुए ऑनलाइन अनारक्षित टिकट बुक कराए थे, जिससे रेलवे को 6,06,540 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा ने बताया कि जोधपुर रेल मंडल पर गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष जुलाई माह में लगभग ढाई गुना रेल यात्रियों ने टिकट बुक किए, जिससे करीब 2.5 गुना से अधिक रेल राजस्व प्राप्त हुआ है।
------
मोबाइल एप के लाभ
- मोबाइल ऑफलाइन मोड में होने पर भी टिकिट दर्शाया जा सकता है।
- त्वरित टिकिट बुकिंग की सुविधा।
- लंबी कतार से मुक्ति व समय की बचत।
- पेपर बचत व किराए में छूट।
---
ऐसे करे मोबाइल एप का उपयोग
यूटीएस एप प्ले स्टोर व अन्य स्टोर से डाउनलोड कर एप पर रजिस्ट्रेशन के लिए साइन अप करना है। टिकट बुक करने के लिए लॉगिन कर लॉगिन आई.डी. मोबाइल नंबर पर रजिस्ट्रेशन करना है। मैसेज से चार अंकों का पासवर्ड मिलेगा। टिकट बुक के लिए आर-वॉलेट का उपयोग करना है। आर-वॉलेट को डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई अथवा यूटीएस काउंटर से रिचार्ज करें।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/kRTuUCD
0 comments:
Post a Comment