जोधपुर।
जिले के बालेसर थानान्तर्गत जैसलमेर हाइवे पर मीठी बेरी मोड़ के पास नाकाबंदी में ट्रेलर से जब्त 1823 किलो डोडा पोस्त को चित्तौड़गढ़ से लाया जा रहा था। जिसकी सप्लाई लोहावट क्षेत्र में होने वाली थी। गिरफ्त में आए चालक सहित दो आरोपियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि ऑपरेशन धरपकड़ अभियान के तहत नाकाबंदी में मीठी बेरी के पास एक ट्रेलर से 18.23 क्विंटल डोडा पोस्त जब्त किया गया था। ट्रेलर में ऊपर जिप्सम के कट्टे व नीचे डोडा पोस्त से भरे 98 कट्टे भरे थे। लोहावट थानान्तर्गत चंदनपुरा में चिकनी नाडी निवासी चालक हजारी राम पुत्र चैनाराम बिश्नोई व शीशपाल पुत्र गुमानाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया था। जांच अधिकारी सारिका खण्डेलवाल ने दोनों आरोपियों को फलोदी की कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें चार-चार दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए।
डोडा पोस्त की सप्लाई मंगाने वाला भूमिगत
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि वे चित्तौड़गढ़ से ट्रेलर में डोडा पोस्त भरकर लाए थे। सोमराज ने यह खेप मंगाई थी और लोहावट में सप्लाई करने वाले थे। आरोपियों को साथ लेकर पुलिस चित्तौड़गढ़ भेजी गई है, जहां डोडा पोस्त भरवाने वाले तस्कर की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैंं।
लग्जरी कार में तीन सौ किलो डोडा पोस्त जब्त
उधर, बिलाड़ा में नाकाबंदी के दौरान कार में सवार तस्करों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन तस्कर नाकाबंदी तोड़कर भाग गए। जोधपुर की तरफ भागने पर कापरड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी की। जिसे देख तस्करों ने कार बालासती मंदिर रोड की तरफ मोड़ ली और तेज रफ्तार से भगाने लगे। दोनों थानों की पुलिस ने तस्करों की कार का पीछा किया। कच्चे मार्ग से भगाने के चलते बीच रास्ते में कार का टायर फट गया। इसके बावजूद तस्कर चालक 5-7 किमी तक कार भगाते रहे। होलपुर कला गांव से पहले जंगल में तस्कर डोडा पोस्त से भरी लग्जरी कार लावारिस छोड़कर अंधेरे में भाग गए। तलाशी लेने पर कार से 299.04 किलो डोडा पोस्त जब्त किया गया। तस्करों की तलाश की जा रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/jpiAGgR
0 comments:
Post a Comment