पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान के जोधपुर जिले के ओसियां कस्बे से होकर निकलने वाले स्टेट हाइवे 61 पर शुक्रवार दोपहर बाद एक प्राइवेट बस ने अधिक सवारी उठाने के लालच में रोड़वेज बस से प्रतिस्पर्धा में रॉन्ग साइड चलाते हुए एक 16 वर्षीय स्कूली बालिका को कुचल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोनिका (16) पुत्री नारायण राम हुडा (स्टाम्प विक्रेता) शुक्रवार दोपहर बाद स्कूटी पर सवार होकर अन्य रिश्तेदार के साथ अपने घर से बाजार सब्जी लाने निकली थी कि स्टेट हाइवे चढ़ते ही हादसा हो गया।
जैसे ही स्कूटी से स्टेट हाइवे चढ़ी तो न्यू बस स्टैंड ओसियां की तरफ से एक रोडवेज बस को ओवरटेक करते हुए निजी बस चालक ने रॉन्ग साइड चलाते हुए स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान स्कूटी और बालिका मोनिका बस के नीचे आ गई। आसपास खड़े लोगों ने होहल्ला मचाकर निजी बस को रुकवाकर घायल बालिका को बस के नीचे से निकाल कर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर गम्भीर घायल बालिका मोनिका को जोधपुर रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें : मां के साथ मौसी के घर आया बालक चबूतरे से गिरा, बाइक के नीचे दबने से मौत
घायल बालिका ने रास्ते में दम तोड़ दिया। बस चालक मौके से भागने में सफल रहा। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बस को जब्त कर पुलिस थाना लाया। मृतक बालिका का शनिवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को दिया जाएगा। उधर घटना की सूचना मिलते ही पूरी कॉलोनी में सन्नाटा पसर गया। समाचार लिखे जाने तक इस सम्बंध में पुलिस थाना ओसियां में किसी ने रिपोर्ट नहीं दी।
प्रशासन का कोई डर नहीं:
गौरतलब है कि आपसी प्रतिस्पर्धा में निजी बस चालक आए दिन एक दूसरे से आगे निकल कर सवारियां उठाने के चक्कर में तेज स्पीड व रॉन्ग साइड से आगे निकलने के प्रयास करते रहते है। पुलिस प्रशासन की लाख कोशिश के बावजूद भी यह प्रतिस्पर्धा का खेल हर दिन चलता है। पुलिस से दूर निकलते ही फिर उसी तेज गति का खेल शुरू कर देते है जिससे ऐसे हादसे आम हो गए है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/yF2m7OL
0 comments:
Post a Comment