CRPF jawan suicide case: जोधपुर. पालड़ी खिंचियान स्थित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ के आरटीसी में कांस्टेबल नरेश जाट के खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में उप महानिरीक्षक (डीआइजी) सहित नौ जवानों का स्थानान्तरण करने के साथ ही अधिकांश मांगों पर गुरुवार को सहमति बन गई। चौथे दिन शव उठाया गया। गार्ड ऑफ ऑनर और पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद तिरंगे में लिपटा नरेश का शव पैतृक गांव पाली जिले के राजोला ले जाया गया, जहां सैनिक सम्मान के साथ अंत्येष्टि होगी।
तीनों आत्महत्या की अलग-अलग जांच होगी : सांसद बेनीवाल
नागौर सांसद व रालोपा संयोजक हनुमान बेनीवाल ने बताया कि अधिकांश मांगें मान ली गईं हैं। डीआजी सहित नौ जनों को हटाया गया है। जो पहली बार हुआ है। परिजन को दी जाने वाली राशि बढ़ाने की मांग की गई। जिसके बारे में केन्द्र सरकार से आग्रह किया जाएगा। एसआइ विकास कुमार व संदीप की आत्महत्या की अलग-अलग कोर्ट ऑफ इंक्वायरी होगी।
सीआरपीएफ की उप महानिदेशक एडीजी रश्मि शुक्ला ने बताया कि प्रकरण में कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। आइजी को जांच सौंपी गई है। निष्पक्ष जांच के लिए सीआरपीएफ के नौ अधिकारी-जवानों का स्थानान्तरण किया गया है। इनमें डीआइजी भी शामिल हैं। सहमति बनने पर मोर्चरी में ही तिरंगा में लिपटे कांस्टेबल नरेश कुमार के शव को सीआरपीएफ ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। एडीजी रश्मि शुक्ला, पुलिस कमिश्नर रविदत्त गौड़, सांसद हनुमान बेनीवाल, डीसीपी डॉ अमृता दुहन व अन्य अधिकारियों ने तिरंगे में लिपटे शव पर पुष्प चक्र अर्पित किए।
इन मांगों पर बनी सहमति
- मृतक नरेश की पत्नी उर्मिला को अनुकम्पा नौकरी दी जाएगी। जो क्लर्क की होगी और पोस्टिंग राजस्थान में रहेगी।
- मृतक के परिजन को 25 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। 60 प्रतिशत पत्नी, 15 प्रतिशत पुत्री के नाम एफडीआर व 25 प्रतिशत माता-पिता के खाते में जमा होंगे। सांसद हनुमान बेनीवाल ने राशि बढ़ाने की मांग की। जिस पर केन्द्र सरकार से आग्रह किया जाएगा।
- ग्रेच्यूटी व लीव इनकैशमेंट का लाभ भी दिया जाएगा।
- मृतक की पत्नी व पुत्री सीआरपीएफ के सरकारी आवास में रह सकेंगी।
- पत्नी के पुनर्विवाह करने तक पेंशन दी जाएगी।
- मृतक की पुत्री को 12वीं तक पढ़ाई का खर्च सीआरपीएफ वहन करेगा।
- आइजी के नेतृत्व में कोर्ट ऑफ इंक्वायरी होगी। इसकी जांच रिपोर्ट 15 दिन में प्राप्त होगी।
- गत दिसम्बर में आत्महत्या करने वाले एसआइ विकास कुमार के मामले में भी अलग से कोर्ट ऑफ इंक्वायरी होगी।
- पुलिस में भी एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।
----------------------------------
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/iPXVKmN
0 comments:
Post a Comment