Udaipur Violence: जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने तीन दिवसीय दौरे को बीच में छोड़ कर जयपुर के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने जोधपुर में आगामी दो दिन के सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। वे उदयपुर के हालात के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर बैठक लेंगे।
उदयपुर में टेलर की हत्या के बाद हालात बिगड़ने की िस्थति को देखते हुए पूरे प्रदेश में इंटरनेट बंद है। जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता और पुलिस कमिश्नर नवज्योति गोगोई ने ऐहतियात के तौर पर पूरे शहर का जायजा लिया है। कमिश्नर कार्यालय से अधिकारियों व पुलिस का जाप्ता रवाना हुआ जो शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से होता हुआ घंटाघर पहुंच कर समाप्त हुआ। प्रशासन पहले से ही शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील जारी कर चुका है।
जोधपुर पहले से ही सवंदेनशील
जोधपुर शहर पहले से ही प्रशासन की नजर में संवेदनशील है, यहां दो माह पहले भी उपद्रव जैसी घटना हो चुकी है। ऐसे में प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। प्रशासन ने रूट मार्च निकाला है तो सभी से शांति की अपील भी की है। अभी तक जनजीवन सामान्य है, लेकिन इंटरनेट बंद होने से दिन-प्रतिदिन के कार्य करने में परेशानी आ रही है।
लोग ले रहे फोन पर जानकारी
इंटरनेट सुविधा बंद होने से लोग फोन कर एक-दूसरे से जानकारी ले रहे हैं। जोधपुर के लोग उदयपुर में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। लोगों में दहशत है।
सीएम के दो दिन में प्रस्तावित थे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के बुधवार को दो सम्मान समारोह में आने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेना प्रस्तावित था। साथ हीउदयपुर में एक व्यक्ति की दिन दहाड़े तलवार के वार से हत्या के मामले को सरकार ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर एयरपोर्ट से बाहर आते ही मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि उदयपुर की घटना बहुत दुखद है। चिंता वाली बात है कि इस प्रकार से किसी की हत्या करना, शर्मनाक भी है।
माहौल ठीक करने की जरूरत
उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपना काम कर रही है। लोगों में घटना के बाद आक्रोश होना हम समझ सकते हैं। उसी अनुरूप काम भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में तनाव का माहौल बन गया है। बार-बार बोल रहा हूं, पीएम नरेन्द्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह को पूरे देश को संबोधित करना चाहिए। प्रेम भाईचारा रहना चाहिए। पीएम बोलते हैं तो उसका फर्क पड़ता है। जहां जिनकी आबादी कम हैं, वे चिंतित है, दहशत में है। सीएमओ इस पूरे मामले में नजर रख रहा है। गौरतलब है कि सीएम अशोक गहलोत तीन दिवसीय दौरे पर जोधपुर आए हैं। पहले दिन रीजनल कैंसर सेंटर का शिलान्यास व अन्य मेडिकल सुविधाओं की सौगात दी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/H5YFhXc
0 comments:
Post a Comment