जोधपुर।
कुछ दिन पहले आसमान पर चढ़े नीम्बू के भाव धीरे-धीरे धरातल पर आ रहे है। जहां कुछ दिन पहले ही नीम्बू रिटेल मंडियों में 300-350 रुपए किलो तक बिकता था, लेकिन अब यह फिर से पुराने स्तर पर लौटता दिख रहा है और करीब 75-80 रुपए किलो बिक रहा है। भाव कम होने से घरों में वापस नीम्बू की वापसी हुई है, वहीं सोड़ा-शिकंजी के ठैलों पर भी नीम्बू दिखने लगा है। हालांकि नींबू के दामों में अभी भी तेजी है, लेकिन प्रतिदिन इसके भावों में नरमी का रूख बना हुआ है। मंडि़यों में अब लोकल नीम्बू की आवक भी शुरू हो गई है। जोधपुर में पिछले दिनों जो नीम्बू रिटेल में 300-350 रुपए किलो तक पहुंच गए थे, वह अब घटकर 75 से 80 रुपए किलो तक आ गए है। सब्जी विक्रेता सुनिल गहलोत ने बताया कि अब नीम्बू का दाम आधे से भी कम हो गया है। नीम्बू के भाव में आई कमी का बड़ा कारण मंडी में नई लोकल पैदावार की आवक का बढ़ना है। अभी गुजरात के मेहसाणा व जोधपुर के आसपास से नीम्बू आ रहा है। वहीं, मद्रास से भी दो- तीन दिन में नीम्बू की गाडी आ रही है
--
अब नहीं तेजी, और घटेंगे दाम
आगामी दिनों में महाराष्ट्र, तेलंगाना,गुजरात के सूरत और मद्रास में चेन्नई से मंडी में नीम्बू की आवक शुरू हो जाएगी।अब नीम्बू के दामों में गिरावट आ रही है। कुछ दिनों में मध्यप्रदेश के रतलाम से भी नीम्बू आना शुरू हो जाएगा।
---
इसलिए बढ़े थे नीम्बू के दाम
नीम्बू उत्पादक प्रमख क्षेत्रों में मौसम के प्रतिकूलता के कारण पिछले दिनों नीम्बू की फसलों को बड़ा नुकसान हुआ। राजस्थान में नीम्बू की स्थानीय पैदावार तेज गर्मी की वजह से प्रभावित हुई, जिससे मंडियों में आसपास के क्षेत्रों से नीम्बू की आवक नहीं हुई। तेज गर्मी पड़ने से घरों में खपत बढ़ने, नवरात्र, रमजान के पर्व और शादी-सावों के मौसम में नीम्बू की डिमांड में बढ़ोतरी होने से दामों में बढ़ोतरी होती चली गई। इसके अलावा कम सप्लाई और बढ़ी डिमांड देखकर व्यापारियों ने भी स्टॉक करके मुनाफाखोरी की और मनमाने दाम वसूले।
----
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/VZbGzL0
0 comments:
Post a Comment