जोधपुर.
चचेरे भाई से बलात्कार व यौन शोषण से बच्ची को जन्म देने वाली नाबालिग मां और नानी ने नवजात बच्ची को सोमवार को बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया। उधर, पुलिस ने नाबालिग चचेरे भाई को संरक्षण में लेने के साथ ही बाल सुधार गृह भिजवा दिया।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष धनपत गुर्जर ने बताया कि 15 वर्षीय दसवीं की छात्रा से उसके चचेरे भाई ने बलात्कार व यौन शोषण किया था। आठ माह की गर्भवती होने पर उसे उम्मेद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने बच्ची को जन्म दिया था। प्रसूता व उसकी मां नवजात बच्ची को रखने के पक्ष में नहीं थी। वे बच्ची को सरकार के सुपुर्द करना चाहती थी। ऐसे में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रसूता व उसकी मां ने नवजात बच्ची बाल कल्याण समिति को सौंप दी। समिति ने नवजात को राजकीय शिशु गृह में प्रवेशित कराया।
सात दिन में वापस भी ले सकती है प्रसूता
समिति अध्यक्ष गुर्जर का कहना है कि अब नवजात को किसी को गोद दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। वहीं, यदि प्रसूता व उसकी मां नवजात को वापस लेना चाहते हैं तो सात दिन के भीतर ऐसा कर सकेंगे।
भाई संरक्षण में, बाल सुधार गृह भेजा
उधर, पुलिस ने प्रकरण में आरोपी व पीडि़ता के चचेरे भाई को सोमवार को संरक्षण में लिया। पूछताछ व मेडिकल जांच के बाद उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेजने के आदेश दिए गए।
न्यायाधीश ने पीडि़ता को धैर्य बंधाया
उधर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला एवं सत्र न्यायाधीश राघवेन्द्र काछवाल, व प्राधिकरण के सचिव मुजफ्फर चौधरी ने एसपी (ग्रामीण) को आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। थानाधिकारी से तथ्यात्मक व मेडिकल जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। न्यायिक अधिकारी मुजफ्फर चौधरी ने अस्पताल जाकर पीडि़ता, माता-पिता व अन्य परिजन से मुलाकात कर धैर्य बंधाया। उन्होंने कानूनी प्रावधानों के बारे में अवगत कराया। साथ ही विश्वास दिलाया कि दोषी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी। पीडि़ता को सरकारी योजना के तहत जल्द ही सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही समुचित इलाज के लिए संबंधित चिकित्सकों को भी निर्देश दिए गए। उन्होंने बाल कल्याण समिति को भी आवश्यक कार्रवाई व सहयोग के लिए निर्देशित किया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3qk1Orm
0 comments:
Post a Comment