जोधपुर. विंटर शेड्यूल लागू होने के पहले दिन ही जोधपुर एयरपोर्ट पर एयरक्राफ्ट और यात्रियों के ट्रेफिक जाम की स्थिति हो गई। विशेषकर दोपहर 1.30 बजे से 2.30 बजे के मध्य एक साथ चार-पांच उड़ानें आ गई। बेंगलुरू-जोधपुर एक घण्टा देरी से आई तो एप्रेन पर पहले से ही दिल्ली जाने वाली स्पाइस जेट, मुंबई जाने वाली विस्तारा और चैन्नई जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस के विमान खड़े थे। एयरपोर्ट पर वर्तमान में तीन विमानों की ही पार्र्किंग होने से बेंगलुरू फ्लाइट को नीचे उताकर टैक्सी वे पर रोक दिया गया। यात्री आधे घण्टे तक विमान में ही बैठे-बैठे सामने एप्रेन में खड़े तीनों विमानों के उडऩे का इंतजार करने लगे। तीनों विमानों के उडऩे के बाद बेंगलुरू को एप्रेन में एंट्री दी गई। इतने में पीछे-पीछे अन्य फ्लाइट पर उतरने लगी। विंटर शेड्यूल रविवार से लागू होने के कारण जोधपुर एयरपोर्ट पर तीन फ्लाइट बढ़ गई है। सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक छह घण्टे में 18 फ्लाइट का ऑपरेशन हुआ। हर आधे घण्टे में कोई विमान चढ़ रहा था या उतर रहा था।
रेलवे स्टेशन की तरह एयरपोर्ट पर भीड़, टर्मिनल पर एक साथ 800 यात्री
कोविड-19 के बाद पहली बार जोधपुर एयरपोर्ट फुल ऑपरेशन में रविवार को शुरू हुआ। एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ लग गई। टर्मिनल पर एक समय में औसतन 800 यात्री खड़े थे। दो फ्लाइट के लैंड होने से करीब 350 यात्री उतरे वहीं उन फ्लाइटों में चढऩे के लिए सिक्योरिटी होल्डिंग एरिया में इतने ही यात्री खड़े थे। उधर आने वाली नई फ्लाइट के लिए सिक्योरिटी चेकिंग में भी 300 से 400 यात्री अपना बोर्डिंग ले रहे थे।
एयरपोर्ट के बाहर कारों की कतारें
जोधपुर एयरपोर्ट पर अधिकांश फ्लाइट्स का मूवमेंट सुबह 11 से शाम 5 बजे तक था। ऐसे में यात्रियों को छोडऩे और लेने के लिए आने वाले कारों की एयरपोर्ट के बाहर कतार लग गई। करीब आधा किलो मीटर तक एक तरफ कारें खड़ी थी, जिसके कारण वहां कई बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी।
आज से अहमदाबाद की फ्लाइट
जोधपुर एयरपोर्ट पर रविवार से विंटर शेड्यूल लागू हो गया। रविवार को इंदौर और कोलकाता की नई फ्लाइट शुरू हुई। जोधपुर-अहमदाबाद फ्लाइट सोमवार से शुरू होने जा रही है। इसी के साथ जोधपुर नौ शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, इंदौर, अहमदाबाद, बेलगाम और हैदराबाद से एयर कनेक्ट हो जाएगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3jVBLms
0 comments:
Post a Comment