जोधपुर. उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से दिवाली के मौके पर ग्राहकों को जागरूक करने के लिए शुरू किए गए अभियान के अंतर्गत अब तक 4 दिनों में जोधपुर शहर में 48 मिठाइयों और नमकीन की दुकानों की जांच की गई। अनियमितताओं के चलते 1 लाख 78 हजार का जुर्माना वसूला गया है। अधिकांश मिठाई विक्रेता डिब्बे सहित मिठाई तोल रहे हैं। मिठाइयों और नमकीन के पैकेट्स पर उनकी मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी डेट के अलावा एमआरपी और बैच नंबर लिखे हुए नहीं हैं जो विधिक माप विज्ञान अधिनियम का उल्लंघन है। अधिकांश मिठाई विक्रेता स्वयं ही अपने प्रतिष्ठान पर नमकीन व मिठाई बनाकर उसे सामान्य तरीके से पैक करके ग्राहकों को बेच रहे हैं। ऐसे में यह पता ही नहीं चल रहा है कि मिठाई-नमकीन कब के बने हुए हैं और कब तक इन्हें उपयोग किया जा सकता है। दिवाली तक ऐसे विक्रेताओं के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। उधर 4 दिनों में शहर के प्रतिष्ठानों में 200 इलेक्ट्रॉनिक कांटों की भी जांच की गई जिनमें से अधिकांश सत्यापित पाए गए। कुछ कांटे असत्यापित मिले जिन्हें टीम ने मौके पर ही ऑनलाइन प्रक्रिया से जांच कर सत्यापित कर दिया।
13 व्यवसायियों पर 51 हजार का जुर्माना
विधिक माप अधिकारी गणेश योगी ने बताया कि सोमवार को शहर के मंडलनाथ, डीपीएस चौराया, पाल रोड, बोरानाडा, कृषि मंडी, पावटा और रातानाडा में मिठाई और नमकीन विक्रेताओं के अलावा किराणा स्टोर की जांच की गई जिसमें से 13 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध चालान बनाकर 51 हजार वसूले गए।
सेल्स टैक्स विभाग सुस्त
त्योहार सीजन को देखते हुए चिकित्सा विभाग, रसद विभाग, उपभोक्ता मामले विभाग सक्रिय तौर पर बाजार में जनता के हित में प्रतिष्ठानों और व्यवसायियों की जांच कर रहा है जबकि इस बाद सेल्स टैक्स विभाग सुस्त बैठा है। सेल्स टैक्स की ओर से अब तक कोई खास कार्यवाही नहीं की गई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3CBtStM
0 comments:
Post a Comment