जोधपुर. हर सब्जी व नमकीन को जायकेदार बनाने में लाल मिर्च पाउडर का बड़ा योगदान होता है, लेकिन खाने-पीने के लिए मशहूर जोधपुर में इन दिनों लाल मिर्च पाउडर बड़ी मात्रा में नकली और मिलावटी बेचा जा रहा है। शहर की दुकानों पर मिर्च अलग-अलग भाव में बिक रही है। इतना ही नहीं, ये मिलावट सेहत के लिए भी नुकसानदायी है। जोधपुर में घी के साथ अब द्वितीय स्थान पर सर्वाधिक मिलावट मिर्च पाउडर में सामने आ रही है। बाजारों में मिलावटी मिर्च पाउडर पौने दो सौ से ढाई सौ रुपए तक बिक रहा है।
केस-1
हाल ही में 12 सितंबर 2021 को स्वास्थ्य विभाग ने मगरा पूंजला कृष्णा विहार में कार्रवाई की। यहां लाल मिर्च पाउडर का नमूना लेकर 280 किलो माल सीज किया गया था। यहां चापड़ से मिर्च बनाना सामने आया। रिपोर्ट में स्टार्च पॉजिटिव पाया गया। कलर की मिलावट भी पाई गई।
केस-2
4 मार्च 2021 को मंडोर मंडी जोधपुर में 880 किलो मिर्च पाउडर जब्त किया गया। यहां भी कलर जैसी मिलावट पाई गई। मिर्च देखने पर ही विभाग को पता लग गया कि पूरा मिर्च पाउडर ही नकली है। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए माल जब्त किया।
केस-3
4 मार्च 2021 को ही रिद्धी-सिद्धी नगर माता का थान में कुछ माह पूर्व कार्रवाई हुई और विभाग ने माल पकड़ा। कुछ उपरोक्त जैसी मिलावटें यहां भी पाई गई। विभाग भी जोधपुर में अब इस तरह की मिलावटें देख दंग है। 278 किलो लाल मिर्च पाउडर जब्त किया गया और 440 किलो चापड़ बरामद की, जो 40 किलो के 11 कट्टे में डाली हुई थी।
गांव व छोटी दुकानों पर नकली मिर्च पाउडर सप्लाई
मिलावटखोर नकली मिर्च पाउडर बनाकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे है। साथ ही लोगों को असली के नाम नकली चीज देकर ठग भी रहे हैं। ज्यादातर मिलावटखोर अपना माल शहर के छोटे दुकानदार व गांवों में सप्लाई कर रहे है। मिलावट इस तरह की हो रही है, जो कि आसानी से पकड़ में भी नहीं आ रही है।
इनका कहना हैं...
मिलावटखोर सक्रिय है। विभाग की ओर से निरंतर कार्रवाई जारी है। यदि कहीं मिलावट लगती है तो लोग सीएमएचओ कार्यालय के कंट्रोल ऑफिस आकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
- रजनीश शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3loJ9Ij
0 comments:
Post a Comment