जोधपुर।
प्रदेश के स्कूली खिलाड़ी जिला व राज्य के खेल कैलेण्डर जारी होने का इंतजार कर रहे है। शिक्षा निदेशालय बीकानेर से खेल कैलेण्डर जारी हो जाए व प्रतियोगिताओं का दौर शुरू हो तो खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सके। कोरोना के कारण पिछले दो वर्षो से स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताएं नहीं हो पाई। इससे लाखों की संख्या में स्कूली खिलाड़ी जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं के प्रमाण पत्रों से वंचित रह गए थे। वहीं , इस बार खेलकूद आयोजन होने से खिलाडिय़ों को प्रमाण पत्र मिलेंगे, जिनके माध्यम से उनको सरकारी नौकरी में चयन के समय लाभ मिलेगा। हर साल जिला व राज्य स्तर पर 14, 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग में छात्र-छात्राओं की ब्लॉक, जिला व राज्य स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं होती है, जो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चुने जाते है। कोरोना महामारी के कारण पिछले दो साल से प्रतियोगताओं का आयोजन नहीं हो पाया। अगर इस साल भी यह प्रतियोगिताएं नहीं करवाई जाती है तो इन आयु वर्ग के खिलाड़ी ओवरएज हो जाएंगे और वे इन आयु वर्ग के खेलों में नहीं खेल पाएंगे।
----
नेशनल खेलों में बढ़ेगी राजस्थान की भागीदारी
इस वर्ष अगर समय पर खेलकूद प्रतियोगताएं करवाई जाती है तो 41 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। पहले 18 खेलों की प्रतियोगिताएं कराई जाती थी, जिससे राष्ट्रीय खेलों में राजस्थान की भागीदारी कम होती थी। हाल ही में, शिक्षा निदेशालय की ओर से 23 नए खेले जोड़े गए है। इससे विभिन्न खेलों में प्रदेश के खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा और राष्ट्रीय खेलों में राजस्थान की भागीदारी बढ़ेगी।
----
छात्राओं को भी आगे आने का मौका मिलेगा
स्कूली खेलों में 23 नए खेल जोडऩे से प्रदेश की छात्राओं को विभिन्न खेलों में खेलने का अवसर मिलेगा। जिसमें फुटबॉल, कुश्ती, क्रिकेट, बॉक्सिंग आदि खेलों में छात्राएं खेल पाएंगी। यह प्रतियोगिताएं राजस्थान में पहली बार होगी व छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पहली बार भाग लेने का अवसर मिलेगा।
----
ग्रामीण ओलंपिक प्रस्तावित, पंजीयन 15 तक
बजट घोषणा के अनुसार आगामी माह में राजस्थान ग्रामीण ओलंपिक खेल प्रस्तावित है। जिसके लिए खिलाड़ी 15 अक्टूबर तक ऑफलाइन पंजीयन कर सकते है। जिला खेल अधिकरी शरद टाक ने बताया कि खिलाड़ी अपना पंजीयन फॉर्म भरकर ग्राम विकास अधिकारी के पास जमा करा सकते है। ऐसे में खेलकूद कैलेण्डर जारी नहीं होने से खिलाड़ी असमंजस की स्थिति में है।
----
शिक्षामंत्री व शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजकर स्कूली खेल कैलेण्डर जारी कराने की मांग की है।
हापूराम चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष
राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ
---
राज्य सरकार की ओर से अनुमति मिलते ही खेल कैलेण्डर जारी कर दिया जाएगा।
ब्रह्मानंद महर्षि, उप निदेशक(खेलकूद)
माध्यमिक शिक्षा विभाग निदेशालय
बीकानेर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3Dj8n0H
0 comments:
Post a Comment