जोधपुर।
जोधपुर जिले में रबी सीजन की बुवाई के लिए आदान की कमी से जूझ रहे किसानों ने गुरुवार को जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर किसानों की पीड़ा से अवगत कराया। भारतीय किसान संघ के जिला प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर इंद्रजीतसिंह से मिलकर जिले में डीएपी खाद की कमी, विद्युत सप्लाई में कटौती, कमजोर मानसून के चलते फ सल उत्पादन में हुए नुकसान की आपदा राहत अनुदान व फ सल बीमा क्लेम दिलाने, डिस्कॉम की लापरवाही से सिस्टम इम्प्रूवमेंट के अभाव में वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या तथा मांग पत्र जमा कराने के बावजूद कृषि कनेक्शन जारी नहीं करने से खरीफ के बाद रबी सीजन की बुवाई से वंचित किसानों की पीड़ा से अवगत कराया। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में किसानों की समस्याओं का सात दिन में समाधान नही होने की स्थिति में तहसील मुख्यालयों से आंदोलन शुरू करने को मजबूर होने से अवगत करवाया। संगठन के जिला मंत्री मेघाराम तरड़ ने बताया कि किसान खरीफ सीजन में कमजोर मानसून के कारण नुकसान झेल रहे है। ऐसे में रबी सीजन से किसानों को उम्मीद थी लेकिन पहले बिजली कटौती का संकट, अब खाद की कमी से रबी बुवाई में संकट उत्पन्न हो गया है। प्रतिनिधिमण्डल में संघ के पदाधिकारी व किसान उपस्थित थे।
--
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3AIkMth
0 comments:
Post a Comment