जोधपुर. मारवाड़ के कई हिस्सों में रविवार को हल्की से लेकर मध्यम बारिश हुई। जोधपुर जिले में दिनभर मानसूनी बादलों की आवाजाही के साथ शहर के बाहरी इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने 1.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी हल्की बारिश के समाचार है। फलोदी में 5.2 और बाड़मेर में 4.8 मिमी पानी बरसा।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र सुगठित कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है जो सोमवार तक डिप्रेशन में बदल जाएगा। इससे अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मानसून मौसम रहेगा। जोधपुर संभाग में इस दौरान हल्की बारिश होगी। शहर में अगले दो-तीन दिन बूंदाबांदी का ही पूर्वानुमान है। बुधवार गुरुवार को अच्छी बारिश की उम्मीद है।
शहर में 100 फीसदी नमी
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह-सुबह हवा में आपेक्षिक आद्र्र्रता 100 फीसदी थी। घने बादलों के कारण मौसम खुशगवार बना हुआ था। दिन चढऩे के साथ धूप भी निकली। दिनभर सूरज व बादलों की आंख मिचौली के बीच अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री से ऊपर नहीं गया। इससे तपिश से काफी राहत मिली। शाम को मौसम सुहाना होने और छुट्टी का दिन होने से शहर वासियों ने पर्यटन स्थलों पर जाकर मौज मस्ती की। कायलाना, मंडोर उद्यान, मसूरिया, शास्त्रीनगर उद्यान सहित कई प्रमुख स्थलों पर लोगों की भीड़ भाड़ रही। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 24.9 व अधिकतम 34.6 डिग्री रहा, वहीं जैसलमेर में रात का पारा 25.8 व दिन का 35.9 डिग्री मापा गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3BW2hmi
0 comments:
Post a Comment