जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत झालामण्ड चौराहे के पास हैण्डीक्राफ्ट की फैक्ट्री में एक श्रमिक ने फंदा लगाकर जान दे दी। ठेकेदार के खिलाफ आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार मूलत: श्रीगंगानगर में सार्दुलशहर तहसील के हाथियावाला हाल झालामण्ड चौराहे के पास हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री निवासी इन्द्राज कुमार पुत्र अमींचद मेघवाल ने फंदा लगाकर आत्महत्या की। फैक्ट्री मालिक ने एक अन्य फैक्ट्री में काम करने वाले मृतक के रिश्ते में भाई विनोद कुमार को सूचना दी। मृतक के कुर्ते की जेब में एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें ठेकेदार रिड़मलसिंह पर तंग व प्रताडि़त करने और उसी के चलते आत्महत्या करने का उल्लेख किया गया। मृतक के रिश्ते में भाई विनोद कुमार की तरफ से ठेकेदार के खिलाफ आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया। जांच कर रहे सहायक पुलिस आयुक्त मानाराम गर्ग ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंपा गया है। जो शव गांव ले गए हैं। उनके लौटने पर जांच की जाएगी।
एफआइआर में आरोप है कि इन्द्राज कुमार ठेकेदार रिड़मलसिंह के पास हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री में काम करता था। तीन माह पूर्व उसने ठेकेदार को सात हजार रुपए दिए थे। जो ठेकेदार लौटा नहीं रहा है। उलटा उसे मानसिक प्रताडि़त कर रहा है। आत्महत्या करने से एक दिन पहले इन्द्राज ने अपने रिश्ते में भाई विनोद को यह जानकारी दी थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/39g4uwz
0 comments:
Post a Comment