जोधपुर.
सदर बाजार थानान्तर्गत घोड़ों का चौक में सामलाती मकान में पानी के पाइप को लेकर उपजे मामूली विवाद की वजह से तैश में आए भतीजे ने धक्का-मुक्की कर बड़े पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी बंशीलाल वैष्णव ने बताया कि घोड़ों का चौक में सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के पास बाबूलाल प्रजापत व उनके छोटे भाई स्व.बालकिशन का परिवार एक ही मकान में रहते हैं। बाबूलाल का परिवार भूतल व बालकिशन का परिवार प्रथम मंजिल पर रहते हैं। इस बीच, गुरुवार रात साढ़े आठ बजे बाबूलाल का परिवार अपने घर में खाना खा रहे थे। तभी छोटे भाई का पुत्र अक्षय वहां आया और पानी के पाइप को लेकर झगड़ा करने लगा। वह गाली-गलौच पर उतर आया। इस पर घर के सदस्यों से उससे समझाइश की और गाली गलौच करने से टोका। इस बीच, बाबूलाल खाना खाने के बाद हाथ धोने लगे। तभी अक्षय ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि अक्षय ने बाबूलाल का सिर चार-पांच बार दीवार से पटका। जिससे वह गंभीर घायल हो गए। उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया। इलाज के दौरान बाबूलाल प्रजापत (65) की मौत हो गई।
मृतक के पुत्र रोशन प्रजापत ने अपने चचेरे भाई अक्षय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी अक्षय उर्फ चिंटू (25) को गिरफ्तार कर लिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3xMnWLf
0 comments:
Post a Comment