जोधपुर जिले में वर्तमान में 9 अंग्रेजी माध्यम महात्मा गांधी स्कूल संचालित हैं। इसमें 7 स्कूल तो ग्रामीण और दो स्कूल शहर परिधि में हैं। लेकिन राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना में अभिभावकों का बढ़ता क्रेज देख सरकार ने कुछ और नए अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने के लिए पुलिस लाइन स्थित स्कूल का भी प्रस्ताव भेजा था। लेकिन घोषणा के इंतजार में अभी ये स्कूल खुलना बाकी है। यह स्कूल समय पर शुरू हो जाए तो और भी इंग्लिश मीडियम सरकारी स्कूल में पढऩे वाले बच्चों को सुविधा मिलेगी।
दरअसल, राज्य सरकार ने राजकीय अंग्रेजी स्कूलों में विद्यार्थियों की बढ़ती कतार को देखते हुए तीन सौ नए स्कूल खोलने की तैयारी कर ली है, बताया जा रहा हैं कि प्रदेश में पुलिस लाइन में बने सरकारी स्कूलों को भी महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम बनाया जाएगा। लेकिन अभी तक इन्हें अमली जामा नहीं पहनाया गया।
वित्त विभाग ने दी थी अतिरिक्त पदों के लिए मंजूरी
जोधपुर शिक्षा विभाग ने इसका प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। इसके लिए वित्त विभाग ने अतिरिक्त पदों के लिए भी मंजूरी दे दी थी। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के इंतजार में स्कूल अटके हुए हैं। इन स्कूलों का शिक्षा विभाग ने वेरिफिकेशन भी करा लिया है।
कक्षा 9 में प्रवेश के लिए 16 तक ले सकेंगे आवेदन
जिले के गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल 16 अगस्त तक कक्षा 9 में प्रवेश देने के लिए आवेदन लेंगे। वहीं शिक्षा विभाग 20 अगस्त तक लॉटरी खोल बच्चों को प्रवेश देगा। शहर की अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश के लिए अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है।
इनका कहना हैं...
प्रदेश में पुलिस लाइन में स्थित सरकारी स्कूलों को महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम बनाने का प्रस्ताव राज्य सरकार के भेजने के निर्देश थे। हमने तथ्यात्मक रिपोर्ट बना दीं है। इस पर निर्णय जल्द सरकार लेगी।
- डॉ. भल्लूराम खीचड़, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2VQ8Gzr
0 comments:
Post a Comment